
देशभर में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 48 से 72 घंटों के दौरान देश के 10 राज्यों में भारी बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बर्फबारी हो सकती है।
इन 10 राज्यों में मौसम का अलर्ट
आईएमडी ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और राजस्थान में बारिश व बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मैदानी इलाकों में 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ेगी
राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद ठंड में इजाफा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और मौसम ठंडा बना रहेगा। अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रात के समय हल्की धुंध भी छा सकती है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। बारिश के बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ गई है। आईएमडी के अनुसार, रात का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 31 जनवरी को लखनऊ समेत कई इलाकों में घने कोहरे की आशंका है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन शनिवार से मौसम में तेजी से बदलाव होगा। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड लौट आई है। हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बर्फबारी का दौर जारी रहने के आसार हैं।
राजस्थान में ठंडी हवाओं का असर
राजस्थान के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। राज्य के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट हो सकती है। 31 जनवरी और 1 फरवरी को राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।
कश्मीर में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित
कश्मीर घाटी में लगातार बर्फबारी के चलते जम्मू–श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा। अधिकारियों के अनुसार, मार्ग को बहाल करने के प्रयास जारी हैं। घाटी के अधिकांश इलाकों में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
प्रमुख शहरों का तापमान (29 जनवरी)
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
| ——- | ———– | ———— |
| दिल्ली | 18 | 08 |
| मुंबई | 28 | 22 |
| कोलकाता | 27 | 17 |
| चेन्नई | 28 | 23 |
| लखनऊ | 18 | 12 |
| पटना | 22 | 13 |
| जयपुर | 19 | 09 |
| शिमला | 12 | 02 |
| नैनीताल | 14 | 06 |