
29 जनवरी भारतीय रेल के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में दर्ज है। इसी दिन वर्ष 1979 में भारत की पहली ‘जंबो ट्रेन’ के रूप में प्रसिद्ध तमिलनाडु एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। यह देश की पहली ऐसी यात्री ट्रेन थी, जिसे दो इंजनों और 21 डिब्बों के साथ चलाया गया। इस ट्रेन ने नई दिल्ली से मद्रास (अब चेन्नई) तक 2,188 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर उत्तर और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को नई गति दी।
तमिलनाडु एक्सप्रेस उस दौर की एक बड़ी तकनीकी और परिचालन उपलब्धि मानी जाती है। शुरुआत में यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलाई जाती थी, लेकिन 1982 के एशियाई खेलों से पहले इसकी आवृत्ति बढ़ाई गई और बाद में इसे दैनिक सेवा में शामिल कर लिया गया। प्रारंभिक वर्षों में इसे डीजल इंजन डब्ल्यूडीएम-2 (WDM-2) द्वारा खींचा जाता था, जबकि मार्ग के विद्युतीकरण के बाद इसे इलेक्ट्रिक इंजनों से चलाया जाने लगा।
इस ट्रेन ने दक्षिण भारत को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से सीधे जोड़ते हुए लंबी दूरी की यात्रा में क्रांति ला दी। ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस के बाद यह उत्तर और दक्षिण भारत के बीच दूसरा प्रमुख रेल संपर्क बनी। चेन्नई सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच चलने वाली यह ट्रेन विजयवाड़ा, नागपुर, भोपाल, ग्वालियर और आगरा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है।
तमिलनाडु एक्सप्रेस लगभग 32 घंटे में अपना सफर पूरा करती है और इसकी औसत गति लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटा है। ‘जंबो ट्रेन’ का अर्थ आम तौर पर दो या उससे अधिक इंजनों वाली लंबी और भारी ट्रेन से होता है, जो बड़ी संख्या में डिब्बों को खींचने में सक्षम होती है। तमिलनाडु एक्सप्रेस ने इस अवधारणा को सफलतापूर्वक साकार किया।
बीते 47 वर्षों से अधिक समय से यह ट्रेन लाखों यात्रियों को सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद सेवा प्रदान कर रही है और भारतीय रेल के विकास की एक जीवंत मिसाल बनी हुई है।
29 जनवरी की अन्य प्रमुख ऐतिहासिक घटनाएं
1528: मुगल साम्राज्य के संस्थापक बाबर ने मेवाड़ के राजा राणा सांगा को पराजित कर चंदेरी के किले पर कब्जा किया।
1916: प्रथम विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी ने फ्रांस पर पहली बार हमला किया।
1942: जर्मनी और इटली की सेनाओं ने लीबिया के बेनगाजी शहर पर कब्जा किया।
1949: ब्रिटेन ने इजराइल को मान्यता दी।
1970: ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर का जन्म।
1979: भारत की पहली जंबो ट्रेन तमिलनाडु एक्सप्रेस को नई दिल्ली से मद्रास के लिए रवाना किया गया।
1992: भारत आसियान का क्षेत्रीय सहयोगी बना।
2023: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब जीता।
2024: एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक ने पहली बार मानव मस्तिष्क में ‘ब्रेन-रीडिंग’ डिवाइस प्रत्यारोपित करने की घोषणा की।