Tuesday, January 20

‘राजनीति भोग नहीं, त्याग है’: नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को दिया पहला संदेश

 

This slideshow requires JavaScript.

नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026 – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पदभार संभालते ही अपनी पहली सार्वजनिक सभा में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और युवाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नितिन नबीन को औपचारिक रूप से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।

 

युवाओं को राजनीति में आने का संदेश:

अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय और भाजपा के नारे के साथ करते हुए नितिन नबीन ने कहा, “मैं आज इस अवसर पर पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का स्मरण करता हूं। राजनाथ सिंह ने हर कार्यकर्ता से जुड़ने का प्रयास किया और नितिन गडकरी ने संगठन के हर मोर्चे को मजबूत किया।”

 

उन्होंने युवाओं से कहा, “राजनीति से दूरी समाधान नहीं है, सक्रिय भागीदारी ही समाधान है। राजनीति शॉर्टकट नहीं है, यह 100 मीटर की रेस नहीं, बल्कि लॉन्ग मैराथन है। इसमें स्पीड नहीं, स्टैमिना की परीक्षा होती है। हमें जड़ों को मजबूत करके राजनीति की पिच पर बैटिंग करनी होगी।”

 

कार्यकर्ताओं के लिए संदेश:

नितिन नबीन ने कहा, “अगर आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, तो इसकी वजह प्रेरणादायी नेतृत्व, विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत है। वह कार्यकर्ता, जो कठिन परिस्थितियों में भी भारत का ध्वज झुकने नहीं देता, उसकी मेहनत से ही पार्टी मजबूत हुई है।”

 

उन्होंने स्पष्ट किया, “हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है।”

 

आगामी चुनावों की तैयारी:

नितिन नबीन ने कहा कि अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने संघर्ष और परिश्रम के बल पर इन राज्यों में सशक्त नेतृत्व प्रदान करेगा।

 

सुर्खियों से दूर रहने वाले नितिन नबीन ने 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बिहार सरकार में अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

 

पूर्व अध्यक्ष जे. पी. नड्डा का संदेश:

जे. पी. नड्डा ने कहा, “आज का दिन ऐतिहासिक है जब हमारे युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नितिन नबीन विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर रहे हैं। मैं उन्हें और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई देता हूं।”

 

Leave a Reply