
नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026 – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से पार्टी की कमान संभाल ली। इस अवसर पर उनका भव्य स्वागत किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने नितिन नबीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और कहा, “आज से नितिन नबीन मेरे बॉस हैं और मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूँ।” उन्होंने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि संगठन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रही।
प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन की कार्यशैली और युवा ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि वे मिलेनियल पीढ़ी से हैं, जिन्होंने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन देखे हैं। पीएम मोदी ने कहा, “नितिन जी में युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव का बेहतरीन मिश्रण है, जो पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए लाभकारी साबित होगा।”
पीएम मोदी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं जैसे अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, जे.पी. नड्डा आदि का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है और संगठनात्मक मजबूती का हर चरण पार किया है।
प्रधानमंत्री ने भाजपा की सेवा और जनविश्वास पर आधारित नीतियों को भी उजागर किया। उन्होंने कहा, “हमने सत्ता को सुख का नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया। पिछले 11 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपनी सरकार बनाई। पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा ने जनता की बड़ी आवाज़ बनकर उभरी।”
पीएम मोदी ने भाजपा को सुशासन की पार्टी बताया और कहा कि पार्टी सिर्फ संसद और विधानसभा तक सीमित नहीं, बल्कि नगरपालिकाओं और नगर निगमों में भी लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। उन्होंने महाराष्ट्र और केरल के हालिया उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकायों में भी जनता का भरोसा हासिल किया है।
प्रधानमंत्री ने भाजपा के संगठनात्मक दृष्टिकोण पर जोर देते हुए कहा, “भाजपा एक संस्कार है, एक परिवार है। यहाँ ‘मेंबरशिप’ से ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ पर भरोसा किया जाता है। पद बदलते हैं, लेकिन आदर्श और दिशा कभी नहीं बदलते।”