
नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026: टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ की रनर-अप एक्ट्रेस फरहाना भट्ट को लेकर एक पूर्व कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। यश नामक इस पूर्व कर्मचारी ने दावा किया है कि फरहाना ने उन्हें वेतन नहीं दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनके दोस्त बिग बॉस की क्रिएटिव टीम में शामिल थे, जिन्होंने फरहाना को रनर-अप बनने में मदद की।
यश ने सोशल मीडिया पर कई स्क्रीनशॉट और ऑडियो क्लिप्स साझा किए हैं, जिसमें कथित तौर पर बिग बॉस की क्रिएटिव टीम फरहाना की साइड स्टोरी को प्रमोट करती दिख रही है और अन्य कंटेस्टेंट्स को नीचा दिखाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बसीर अली के एविक्शन में भी फरहाना की टीम का हाथ था।
इस मामले में फरहाना के करीबी मित्र और एंडेमॉल शाइन इंडिया के पूर्व सीनियर क्रिएटिव भास्कर भट्ट का नाम भी सामने आया है। पहले भी उनके और फरहाना के रिश्ते को लेकर कई दावे उठ चुके हैं।
फरहाना की टीम ‘यंग फिल्मिस्तान‘ ने बयान जारी करते हुए कहा, “एक फैन से कर्मचारी बनने तक, मदद मांगने और मुंबई आने से लेकर फरहाना भट्ट के लिए पीआर और सपोर्ट देने तक, इस इंसान पर हमारी पूरी टीम ने भरोसा किया। उसका साथ दिया और कई मौके भी दिए। इसके बावजूद उसने भरोसे के साथ धोखा किया।“
पूर्व कर्मचारी यश का आरोप है कि आदिल सईद नामक शख्स भी बिग बॉस की क्रिएटिव टीम में था और वह फरहाना की टीम ‘यंग फिल्मिस्तान’ का ओनर भी हैं। यश ने यह भी कहा कि फरहाना और उनकी टीम ने उनका बकाया वेतन नहीं चुकाया।
फिलहाल इन आरोपों पर फरहाना भट्ट की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।