Friday, March 20

पंजाब से बारात लेकर हरियाणा पहुंचे दूल्हा, दुल्हन ने किया निकाह से इंकार, लौटना पड़ा खाली हाथ

आशीष शर्मा, यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव लापरा में पंजाब से आई एक बारात चर्चा का विषय बनी। सिर पर सेहरा सजाकर दूल्हा शादी के लिए पहुंचा, लेकिन दुल्हन ने निकाह से इंकार कर दिया।

This slideshow requires JavaScript.

जानकारी के अनुसार, दुल्हन और दूल्हा दोनों मुस्लिम समुदाय से हैं, लेकिन उनकी बिरादरी अलग-अलग है। आरोप है कि रिश्ता करवाने वाले व्यक्ति ने यह अहम जानकारी छुपा रखी थी। शादी से दो-तीन दिन पहले लड़की वालों को असली बिरादरी का पता चला और उन्होंने शादी से इनकार कर दिया। बावजूद इसके, दूल्हा बारात लेकर शादी के लिए यमुनानगर पहुंच गया।

शादी से इनकार के तुरंत बाद दूल्हा अपने परिजनों और बारातियों के साथ सीधे पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। थोड़ी देर बाद दुल्हन पक्ष भी थाने पहुंच गया। दोनों परिवारों के बीच पुलिस की मौजूदगी में कई घंटे बातचीत और तर्क-वितर्क हुआ, लेकिन अंततः दूल्हा बिना दुल्हन के लौट गया।

पुलिस ने बताया कि लड़की को सुरक्षित प्रक्रिया के तहत वन स्टॉप सेंटर भेजा गया, जहां उसकी काउंसलिंग करवाई गई। अधिकारियों का कहना है कि रिश्ता कराने वाले व्यक्ति ने दोनों पक्षों को पूरी जानकारी नहीं दी, जिससे गलतफहमी और तनाव पैदा हुआ। दुल्हन पक्ष ने भी माना कि वे शादी करवाना चाहते थे, लेकिन लड़की की असहमति के कारण स्थिति और जटिल हो गई।

 

Leave a Reply