Tuesday, February 10

न्यूजीलैंड का स्टूडेंट वीजा: कौन कर सकता है अप्लाई और कितना पैसा चाहिए

पिछले कुछ सालों में न्यूजीलैंड में पढ़ाई के प्रति भारतीय छात्रों की रुचि बढ़ी है। देश में अच्छे शिक्षा संस्थान और पढ़ाई के साथ काम करने की सुविधा छात्रों को आकर्षित कर रही है। अगर आप इस साल न्यूजीलैंड में पढ़ाई करने का प्लान बना रहे हैं, तो स्टूडेंट वीजा की जानकारी रखना बेहद जरूरी है।

This slideshow requires JavaScript.

स्टूडेंट वीजा के लिए क्या जरूरी है?
न्यूजीलैंड में पढ़ाई के लिए सबसे पहले किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या कॉलेज से एडमिशन लेना होता है। इसके बाद ही स्टूडेंट वीजा के लिए आवेदन किया जा सकता है। वीजा उन्हीं छात्रों को मिलता है जो अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाने में सक्षम हों या स्कॉलरशिप/एजुकेशन लोन लेकर पढ़ाई कर रहे हों।

स्टूडेंट वीजा के जरिए छात्र फुल-टाइम पढ़ाई कर सकते हैं। इसके अलावा पढ़ाई के दौरान उन्हें हफ्ते में 25 घंटे पार्ट-टाइम जॉब करने की इजाजत होती है। छुट्टियों में स्टूडेंट्स फुल-टाइम काम भी कर सकते हैं। वीजा आमतौर पर चार साल के लिए जारी होता है, जो कोर्स की अवधि पर निर्भर करता है।

कौन अप्लाई कर सकता है?
स्टूडेंट वीजा के लिए आवेदन करने वाले छात्र के पास निम्न शर्तें होनी चाहिए:

  • न्यूजीलैंड की किसी यूनिवर्सिटी या कॉलेज से एडमिशन ऑफर लेटर।
  • पढ़ाई और रहने-खाने के खर्च उठाने के लिए पर्याप्त पैसे।
  • 10 साल से कम उम्र के छात्रों को वीजा मिलता है, लेकिन वे हॉस्टल में नहीं रह सकते।
  • स्वास्थ्य ठीक होना चाहिए और पढ़ाई के प्रति इच्छुक होना चाहिए।

पैसे की आवश्यकता:
वीजा के लिए आपको यह साबित करना होता है कि आपके पास यूनिवर्सिटी की ट्यूशन फीस के साथ-साथ एक साल के रहने-खाने का खर्च (लगभग 10 हजार न्यूजीलैंड डॉलर, लगभग 10.36 लाख रुपये) भरने के लिए पैसे हैं। इसके लिए आप सेविंग अकाउंट स्टेटमेंट, एजुकेशन लोन सर्टिफिकेट या किसी गारंटर का सहारा ले सकते हैं।

अन्य नियम और आवश्यकताएं:

  • उम्र और मूल देश के आधार पर मेडिकल एग्जाम या छाती का एक्स-रे जरूरी हो सकता है।
  • 17 साल या उससे ज्यादा उम्र वाले छात्रों को पुलिस सर्टिफिकेट की जरूरत होती है, अगर वे न्यूजीलैंड में 24 महीने या उससे अधिक समय बिताएंगे।
  • वीजा धारक को देश में मल्टीपल एंट्री-एग्जिट की सुविधा होती है।

ऑनलाइन आवेदन और समय:
न्यूजीलैंड का स्टूडेंट वीजा ऑनलाइन अप्लाई करना होता है। सरकार का सुझाव है कि वीजा के लिए कम से कम तीन महीने पहले आवेदन करें, ताकि समय पर अप्रूवल मिल सके।

 

Leave a Reply