
लखनऊ: मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव आज यानी 15 जनवरी को अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले लगातार उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, अपने ससुर मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत को संभालते हुए मैनपुरी सीट से सक्रिय हैं।
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार, डिंपल यादव की कुल संपत्ति लगभग 15.50 करोड़ रुपये है। दिलचस्प बात यह है कि उनके पास कोई कार नहीं है, लेकिन वह हीरे और सोने के गहनों की शौकीन हैं। पिछले वर्ष दिसंबर 2022 में मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए उनके शपथ पत्र में उनकी संपत्ति 14.32 करोड़ रुपये दर्ज थी। 17 महीनों के भीतर उनकी संपत्ति में 1.18 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
ढाई किलो से अधिक सोना और हीरे
डिंपल यादव के शपथ पत्र के अनुसार उनके पास 2.774 किलोग्राम सोने के गहने, 127.75 कैरेट हीरा (लगभग 60 लाख रुपये मूल्य) और 203 ग्राम मोती हैं। इसके अलावा उनके पास 5,72,447 रुपये कैश, 1.25 लाख रुपये का कंप्यूटर और 1.6 लाख रुपये से अधिक मूल्य की क्रॉकरी भी है।
संपत्ति में वृद्धि के बावजूद, उनके नाम पर 74.44 लाख रुपये से अधिक का कर्ज भी दर्ज है। हालांकि, उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
संसदीय हलफनामे के अनुसार, 2019 में जब डिंपल ने कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ा था, तब उनकी चल संपत्ति 3.68 करोड़ और अचल संपत्ति 9.30 करोड़ रुपये थी।