Tuesday, December 30

रोहतास में समोसे के लिए गांव बना जंग का मैदान: ताबड़तोड़ फायरिंग में 6 जख्मी, 16 गिरफ्तार

 

This slideshow requires JavaScript.

 

बिहार के रोहतास जिले के अमैसिडिहरा गांव में नाश्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक मामूली कहासुनी और हाथापाई देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गई, जिसमें छह लोग घायल हुए और पुलिस ने 16 आरोपियों को हिरासत में लिया।

 

समोसे के विवाद से शुरू हुआ हिंसक घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, गांव की एक नाश्ते की दुकान पर सतेंद्र यादव उधार में समोसा मांगने गया। दुकानदार द्वारा इनकार किए जाने पर दोनों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई हो गई। बीच-बचाव करने के बावजूद विवाद बढ़ता गया।

 

उधार समोसा न देने पर ताबड़तोड़ फायरिंग

कुछ समय बाद सतेंद्र यादव अपने परिजनों और सहयोगियों के साथ वापस आया और आरोप है कि उसने डर और दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से पूरे गांव में भय का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

 

खूनी झड़प में 6 घायल, हालत स्थिर

इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए। कुछ घायलों को गोली के छर्रे भी लगे। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

 

पुलिस ने की कार्रवाई, 16 गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कोचस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान और आवेदन के आधार पर अब तक 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply