
बुलंदशहर। परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुलंदशहर से अमरोहा के बीच नई रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी है। बुलंदशहर डिपो से संचालित यह बस प्रतिदिन स्याना–बुगरासी होते हुए हसनपुर और अमरोहा तक अप-डाउन चलेगी। इस नई सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
परिवहन निगम से मिली जानकारी के अनुसार, करीब दो माह पहले अमरोहा डिपो की ओर से बुलंदशहर के लिए एक बस सेवा शुरू की गई थी, जिसे यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला। यह बस सुबह अमरोहा से चलकर हसनपुर होते हुए भगवानपुर गंगाघाट के रास्ते बुगरासी और स्याना पहुंचती थी तथा इसके बाद बुलंदशहर से इसी मार्ग से वापस अमरोहा लौट जाती थी।
यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए अब बुलंदशहर डिपो की ओर से भी इस रूट पर एक अतिरिक्त बस सेवा शुरू की गई है। एआरएम परमानंद ने बताया कि बुधवार से बुलंदशहर डिपो की एक रोडवेज बस का नियमित संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
यह बस प्रतिदिन बुलंदशहर से स्याना, बुगरासी होते हुए भगवानपुर गंगाघाट से हसनपुर में प्रवेश करेगी। इसके बाद गंगानगर पुल, गंगानगर टी-प्वाइंट, जयतौली, शकरगढ़ी, हाकमपुर, रुस्तमपुर, मंगरौला, हथियाखेड़ा, तीसरा मिल, शाहपुर कला और रहरा अड्डा होते हुए अमरोहा पहुंचेगी। इसी मार्ग से बस अमरोहा से बुलंदशहर के लिए वापसी करेगी।
प्रतिदिन अप-डाउन रोडवेज बस सेवा शुरू होने से क्षेत्रीय यात्रियों को समय और साधनों की बचत होगी, वहीं परिवहन सुविधा के विस्तार से क्षेत्रीय संपर्क भी मजबूत होगा।