Tuesday, December 23

‘निकोलस मादुरो को सत्ता छोड़नी होगी’, अमेरिका की वेनेजुएला को खुली चेतावनी

वॉशिंगटन/काराकास: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम ने स्पष्ट कहा है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता छोड़नी होगी। यह बयान वॉशिंगटन की ओर से सबसे बड़ा संकेत माना जा रहा है कि अमेरिका दक्षिण अमेरिकी देश के नेतृत्व में बदलाव चाहता है।

This slideshow requires JavaScript.

इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला आने-जाने वाले प्रतिबंधित तेल जहाजों को रोकने की घोषणा की थी। कैरेबियन में तैनात अमेरिकी नौसेना ने अब तक दो तेल टैंकरों को जब्त किया और तीसरे का पीछा किया। नोएम ने फॉक्स न्यूज को बताया, हम सिर्फ इन जहाजों को रोक नहीं रहे, बल्कि दुनिया को संदेश भेज रहे हैं कि मादुरो की गैरकानूनी गतिविधियाँ बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्हें सत्ता छोड़नी होगी।

अमेरिकी प्रशासन ने मादुरो पर कार्टेल ऑफ द सन्स नामक संगठन का नेतृत्व करने का आरोप लगाया है और उन्हें पकड़ने के लिए 5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया है। अमेरिका ने इस संगठन को नार्को-टेररिस्ट समूह घोषित किया है।

अमेरिकी नौसेना ने वेनेजुएला का घेरा बनाया
कैरिबियन में अमेरिकी युद्धपोतों का एक बड़ा बेड़ा जमा है, जिसमें एयरक्राफ्ट कैरियर भी शामिल है। पिछले हफ्तों में अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने वेनेजुएला के तट के पास बार-बार उड़ान भरी। अमेरिकी सेना ने ड्रग-तस्करी का आरोप लगाकर नावों पर हमले किए हैं। इन हमलों में अब तक लगभग 30 जहाज नष्ट हो चुके हैं और कम से कम 104 लोग मारे गए हैं। विशेषज्ञों ने इन हमलों को गैर-कानूनी बताया है, जबकि अमेरिकी सरकार ने जहाजों में नशीले पदार्थ होने का कोई सबूत नहीं पेश किया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका की यह सख्ती और सैन्य कार्रवाई वेनेजुएला के मादुरो शासन पर दबाव बढ़ाने के लिए रणनीतिक कदम है।

 

Leave a Reply