
मुंबई/पुणे/दिल्ली: महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार की वापसी ने हलचल मचा दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक और बारामती के कद्दावर नेता शरद पवार को पुणे के अस्पताल से बुधवार को छुट्टी मिल गई। स्वस्थ होकर घर लौटे पवार साहब का स्वागत उनके परिवार और समर्थकों ने किया।
इस मौके पर उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने राज्यसभा जाने को लेकर पहला बयान दिया। उन्होंने कहा, “हमारे कोऑपरेटिव सदस्यों और पदाधिकारियों की यही इच्छा है कि पवार साहब राज्यसभा जाएं। सबको लगता है कि पवार साहब ने साठ साल से लोगों के लिए जो काम किया है, उसे जारी रखना चाहिए।”
सुप्रिया सुले ने आगे कहा कि पवार साहब ने सभी से कहा है कि मतभेद भूलकर देश की भलाई के लिए काम करना चाहिए। गौरतलब है कि शरद पवार ने अपने छह दशक के राजनीतिक करियर में कभी चुनाव नहीं हारे हैं। वे 14 बार विभिन्न सदनों के लिए चुने जा चुके हैं – लोकसभा के लिए सात, राज्यसभा के लिए दो और महाराष्ट्र विधानसभा के लिए पांच बार। इसके अलावा पवार साहब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, भारत के रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री रह चुके हैं।
बारामती प्लेन क्रैश पर सुप्रिया सुले का बयान
सुप्रिया सुले ने हाल ही में हुए अजित पवार के प्लेन क्रैश पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हर विमान का ‘सेफ्टी ऑडिट’ पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। उन्होंने रोहित पवार द्वारा उठाए जा रहे सवालों का समर्थन करते हुए कहा, “कानून सबके लिए एक जैसा होना चाहिए, लेकिन दुर्भाग्यवश महाराष्ट्र में ऐसा नहीं है। कुछ लोगों को गलतफहमी है कि हम सत्ता से सब कुछ कर सकते हैं।”
सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि वीएसआर एवीएशन के लीयरजेट विमान के मेंटेनेंस और सुरक्षा पर सवाल उठाना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
