Monday, February 16

उत्तर भारत में फिर करवट लेगा मौसम, 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में ठंड भले ही कुछ कम होती दिखाई दे रही हो, लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर चेतावनी जारी कर दी है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और उत्तर भारत में सर्दी एक बार फिर लौट सकती है।

This slideshow requires JavaScript.

मौसम विभाग ने बताया कि 16 फरवरी से 18 फरवरी के बीच उत्तर भारत के 7 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और मौसम के अचानक बिगड़ने की आशंका जताई गई है। वहीं, विभाग ने 34 जिलों में घने कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।

अगले तीन दिनों तक इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक बारिश और बदले मौसम का असर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में देखने को मिलेगा।

  • जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16-17 फरवरी के बीच बारिश की संभावना है।

  • उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 17-18 फरवरी को झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

  • पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में भी 17-18 फरवरी के दौरान तेज बारिश हो सकती है।

  • पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

  • मध्य प्रदेश में 18-19 फरवरी के बीच हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।

इन 34 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश के जिले:

आगरा, ओरैया, अयोध्या, बदायूं, बागपत, बलिया, बलरामपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, झांसी, जालौन, कानपुर, लखनऊ

हरियाणा के जिले:

गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, हिसार, रोहतक, करनाल

पंजाब के जिले:

अमृतसर, पटियाला, फिरोजपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, लुधियाना, मोगा, पठानकोट

हिमाचल प्रदेश के जिले:

कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, ऊना, सिरमौर, किन्नौर

मौसम विभाग ने कहा है कि कोहरे के कारण दृश्यता घटने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली में आज मौसम साफ, प्रदूषण में भी राहत की उम्मीद

राजधानी दिल्ली में 16 फरवरी को मौसम सामान्य और साफ रहने की संभावना है। बारिश के कोई आसार नहीं हैं, हालांकि सुबह के समय हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में AQI में सुधार की उम्मीद है, जिससे प्रदूषण का स्तर कुछ कम हो सकता है।

देश के प्रमुख शहरों में तापमान (16 फरवरी)

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
दिल्ली 28°C 13°C
मुंबई 29°C 23°C
कोलकाता 29°C 16°C
चेन्नई 29°C 22°C
लखनऊ 28°C 13°C
पटना 27°C 14°C
रांची 26°C 13°C
भोपाल 29°C 16°C
जयपुर 29°C 14°C
शिमला 18°C 06°C
नैनीताल 19°C 09°C

उत्तर प्रदेश में 17-18 फरवरी को बारिश का अनुमान

उत्तर प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवा चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, शामली, मुरादाबाद, अमरोहा और बुलंदशहर शामिल हैं।

तमिलनाडु में हल्की बारिश की संभावना, लेकिन फिलहाल मौसम शुष्क

दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे सटे हिंद महासागर में 16 फरवरी के आसपास निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है। इसका असर तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों पर पड़ सकता है।

हालांकि मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 16 से 18 फरवरी तक तमिलनाडु में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 19 और 20 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू में कोहरे जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जो आगे चलकर विल्लुपुरम और कुड्डालोर तक फैल सकती है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे यात्रा करते समय सतर्क रहें, विशेषकर कोहरे वाले क्षेत्रों में वाहन धीमी गति से चलाएं और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply