Wednesday, February 11

टी20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान के यू-टर्न पर टीम इंडिया की प्रतिक्रिया, असिस्टेंट कोच ने कहा- ‘हमें पहले से पता था मैच होगा’

नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है। पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। पाकिस्तान सरकार ने टीम को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वह 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ मैदान पर न उतरे।

This slideshow requires JavaScript.

हालांकि, बाद में आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम के बीच अहम बैठक हुई। इस बैठक के बाद पाकिस्तान सरकार ने अपने फैसले पर यू-टर्न लेते हुए भारत के खिलाफ खेलने की मंजूरी दे दी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब टीम इंडिया ने भी पहली बार इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ी है।

टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशे का बड़ा बयान

भारतीय टीम फिलहाल नामिबिया के खिलाफ 12 फरवरी को होने वाले मुकाबले के लिए दिल्ली में मौजूद है। मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशे ने पाकिस्तान के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय टीम ने कभी अपनी तैयारी में कोई बदलाव नहीं किया।

उन्होंने कहा—

“यह अच्छी बात है कि मैच अब तय है। हमने कभी अपनी तैयारी या सोच नहीं बदली। हमें पहले से पता था कि कुछ न कुछ होगा और हम खेलेंगे। इसकी पुष्टि हमें थोड़ी देर से मिली, लेकिन इससे हमारी तैयारी पर कोई फर्क नहीं पड़ा।”

रेयान टेन डोएशे ने आगे कहा कि भारत एक मजबूत टीम के खिलाफ खेलने के मौके का स्वागत करता है और यह मैच टीम के लिए फायदेमंद साबित होगा।

राजनीति से दूरी, क्रिकेट पर फोकस

भारतीय सहायक कोच ने यह भी स्पष्ट किया कि टीम इंडिया इस मुकाबले में राजनीति को बीच में नहीं लाना चाहती। उन्होंने कहा—

“हम राजनीति से अलग रहने की कोशिश करेंगे। दोनों देशों के इतिहास और भावनाओं को हम समझते हैं, लेकिन हमारे लिए क्रिकेट पर फोकस करना जरूरी है।”

कोलंबो में मैच, चुनौती जरूर लेकिन तैयारी पूरी

रेयान टेन डोएशे ने कोलंबो की परिस्थितियों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि वहां खेलना चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि पाकिस्तान टीम पिछले कुछ हफ्तों से वहीं मौजूद है और उसे वहां की परिस्थितियों का अनुभव मिल चुका है।

लेकिन भारतीय टीम इसे चुनौती के रूप में लेकर मैदान में उतरने को तैयार है।

अब नजरें भारत-पाक महामुकाबले पर

पाकिस्तान के यू-टर्न के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला भारत बनाम पाकिस्तान तय माना जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मैच सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस की भावनाओं से जुड़ा मुकाबला होता है।

अब देखना होगा कि मैदान पर यह हाई-वोल्टेज मुकाबला किस दिशा में जाता है और कौन सी टीम बाजी मारती है।

Leave a Reply