Saturday, May 23

This slideshow requires JavaScript.

आरा से इंदौर जाना हुआ मुश्किल, एकमात्र ट्रेन बंद होने से यात्रियों में आक्रोश

आरा: भोजपुर जिले के आरा से मध्य प्रदेश के इंदौर और उज्जैन जाने वाले यात्रियों के लिए अब सफर बेहद कठिन हो गया है। आरा से इंदौर के लिए चलने वाली एकमात्र स्पेशल ट्रेन को बंद कर दिए जाने के बाद यात्रियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि पहले आरा जंक्शन से ही सीधे इंदौर के लिए ट्रेन मिल जाती थी, लेकिन अब उन्हें दूसरे बड़े स्टेशनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

बंद हुई ये ट्रेन

रेलवे द्वारा 09343/44 पटना–आंबेडकर नगर–इंदौर स्पेशल ट्रेन को बंद कर दिया गया है। यह ट्रेन आरा जंक्शन से इंदौर जाने के लिए एकमात्र सीधा विकल्प थी। इसके बंद होते ही आरा और इंदौर के बीच रेल संपर्क पूरी तरह भंग हो गया है।

अब पटना या डीडीयू जाना मजबूरी

ट्रेन बंद होने के बाद अब यात्रियों को इंदौर या उज्जैन जाने के लिए पहले पटना जंक्शन या फिर दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) जाना पड़ रहा है। इन स्टेशनों की दूरी अधिक होने के कारण यात्रियों का समय भी बढ़ रहा है और खर्च भी।

पटना या डीडीयू पहुंचने के बाद ही यात्रियों को इंदौर के लिए 19313/14 और 19321/22 पटना–इंदौर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें मिल पा रही हैं।

करोड़ों का राजस्व देने वाला स्टेशन, फिर भी सुविधा नहीं

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरा जंक्शन से हर साल रेलवे को करीब 115 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व मिलता है। यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद इंदौर जैसे बड़े शहर के लिए सीधी ट्रेन सेवा बंद कर देना समझ से परे है।

पटना-इंदौर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग

ट्रेन बंद होने के बाद यात्रियों ने मांग उठाई है कि पटना–इंदौर एक्सप्रेस का ठहराव आरा जंक्शन पर किया जाए। बताया जा रहा है कि आरा से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और व्यवसाय के लिए इंदौर सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में रहते हैं। वहीं उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं में बुजुर्गों की संख्या भी काफी अधिक है।

रेल संगठनों का कहना है कि इस मांग को लेकर कई बार सांसद सुदामा प्रसाद को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ऐसे में अब आंदोलन की तैयारी भी शुरू हो गई है।

Leave a Reply