
जयपुर: राजस्थान विधानसभा में बुधवार सुबह 11 बजे उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश करेंगी। भजनलाल शर्मा सरकार के इस बजट को लेकर प्रदेशभर में खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि वित्त वर्ष 2026-27 का यह बजट ‘विकसित राजस्थान-2047’ के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
राज्य सरकार के इस बजट से युवाओं, किसानों, महिलाओं, सड़क परिवहन, जल आपूर्ति और सिंचाई परियोजनाओं को लेकर बड़ी घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है।
युवाओं, किसानों और महिलाओं पर रहेगा विशेष फोकस
सूत्रों के अनुसार, इस बार के बजट में युवाओं के लिए नई नौकरियों की घोषणा हो सकती है। वहीं ‘लखपति दीदी योजना’ के तहत महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए विशेष मार्ट स्थापित करने की योजना सामने आ सकती है।
किसानों को राहत देने के लिए सम्मान निधि में बढ़ोतरी, गेहूं समेत अन्य फसलों की उपज पर सहायता और दूध बिक्री पर बोनस देने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।
इसके साथ ही बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन राशि में वृद्धि की भी उम्मीद है।
बजट 2026 में इन 10 क्षेत्रों में हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं
1. जल आपूर्ति
जल जीवन मिशन के तहत शेष घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने की योजना।
2. बिजली
किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और उद्योगों को नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की घोषणा।
3. शिक्षा
नए स्कूल भवनों का निर्माण तथा जर्जर भवनों की मरम्मत को प्राथमिकता।
4. स्वास्थ्य
नर्सिंग, पैरामेडिकल और डॉक्टरों के रिक्त पदों पर भर्ती की घोषणा संभव।
5. सड़क एवं परिवहन
नए स्टेट हाईवे, एक्सप्रेस हाईवे, सड़कों का अपग्रेडेशन, ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण की संभावना।
6. उद्योग
रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल सेक्टर से जुड़ी नई यूनिटों की स्थापना पर जोर।
7. शहरी विकास
अमृत-2.0 के तहत कस्बों और छोटे शहरों में सीवरेज व पेयजल योजनाओं का विस्तार।
8. सिंचाई
नई सिंचाई परियोजनाएं और कमांड एरिया बढ़ाने का प्लान।
9. महिला सशक्तिकरण
महिलाओं के लिए डेयरी प्रोत्साहन योजना, सब्सिडी और आसान ऋण की व्यवस्था।
10. महिला एवं बाल विकास
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगियों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने की उम्मीद।
शहरी विकास और ग्रामीण रोजगार पर भी जोर
इस बजट में संभाग मुख्यालय वाले शहरों में स्मार्ट सिटी सुविधाओं का विस्तार और कस्बों में कृषि उत्पाद आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की घोषणा संभव है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी सरकार का फोकस रह सकता है।
प्रदेश के लोगों की निगाहें इस बजट पर टिकी हैं कि दीया कुमारी का यह तीसरा बजट आमजन को राहत देगा या फिर विकास परियोजनाओं को नई दिशा प्रदान करेगा।
