
नई दिल्ली: भारत को रिकॉर्ड छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने देशवासियों का दिल जीत लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेलकर वे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने।
युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करने वालों में कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी शामिल हो गए हैं। थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा,
“वैभव सूर्यवंशी को तुरंत बड़े सम्मान मिलने चाहिए। पिछली बार जब हमारे पास क्रीज पर 14 साल का जीनियस था, उसका नाम सचिन तेंदुलकर था। और हमने उसे ज्यादा इंतजार नहीं करवाया था।”
थरूर ने इस पोस्ट में वैभव की बल्लेबाजी को ‘Suryavansh-in-a-lifetime talent!’ बताते हुए युवाओं के लिए उन्हें एक रोल मॉडल करार दिया।
आईसीसी की अंडर-19 विश्व कप सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल
वैभव सूर्यवंशी को आईसीसी की अंडर-19 विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम में जगह मिली। इस टीम में उनके साथ कनिष्क चौहान और हेनिल पटेल भी शामिल हैं। भारत ने इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड छठा अंडर-19 खिताब अपने नाम किया।
वैभव सूर्यवंशी की यह पारी न केवल टीम इंडिया की जीत में अहम रही, बल्कि युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी। उनके खेल ने यह साबित कर दिया कि देश का भविष्य क्रिकेट में उज्जवल है।
