Saturday, January 10

‘दादी’ निकली हथियारों की सौदागर, दिल्ली पुलिस ने चार पिस्टल और सात मैगजीन के साथ किया गिरफ्तार

 

This slideshow requires JavaScript.

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला रामबीरी को अवैध हथियारों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला मध्य प्रदेश से दिल्ली तक ई-रिक्शा में पिठ्ठू बैग में हथियार लेकर आ रही थी। उसके बैग से चार सेमी-ऑटोमैटिक देसी पिस्टल और तीन अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुई हैं।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्पेशल सेल की नॉर्दन रेंज टीम को 5 जनवरी की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि मेरठ के हस्तिनापुर की रहने वाली रामबीरी अवैध हथियारों की खेप लेकर दिल्ली आने वाली है। पुलिस ने मौके पर सादे कपड़ों में टीम भेजकर घेराबंदी की।

 

सुबह लगभग 10:30 बजे शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन की तरफ से ई-रिक्शा आता दिखाई दिया। महिला पीले रंग का सूट और ग्रे पजामा पहने हुई थी और कंधे पर ग्रे पिठ्ठू बैग टांगा था। पुलिस ने जैसे ही घेराबंदी की, महिला भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन कॉन्स्टेबल ने उसे दबोच लिया।

 

बैग की तलाशी लेने पर कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए चार सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तस्करों ने जानबूझकर इतनी उम्रदराज महिला को कूरियर के रूप में चुना था, ताकि सुरक्षा एजेंसियों को उस पर शक न हो।

 

अब पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि रामबीरी किसके लिए काम कर रही थी और दिल्ली में यह हथियार किस गैंग को सप्लाई किए जाने थे। 67 साल की उम्र में हथियारों की तस्करी करने वाली इस महिला की गिरफ्तारी ने पुलिस और आम लोगों को हैरान कर दिया है।

Leave a Reply