
मुंबई।
मुंबई में बीएमसी चुनावों की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने घोषणा की कि मुंबई लोकल ट्रेन के बेड़े में 238 नई स्वचालित दरवाजा बंद प्रणाली वाली ट्रेनें शामिल की जाएंगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इन परियोजनाओं से मुंबई की रेल सेवाओं की क्षमता और यात्री सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री के कार्यालय ने देर रात बताया कि इन 238 नई ट्रेनों के अलावा 120 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों और 3200 उपनगरीय लोकल ट्रेनों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। साथ ही, मुंबई के 7 उपनगरीय प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
मुख्य बदलाव और विकास योजनाएं:
- बांद्रा में 3 नई पिट लाइनें विकसित की जाएंगी।
- मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर 24-कोच ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जाएगा।
- लोकमान्य तिलक टर्मिनस में डिपो का विस्तार।
- जोगेश्वरी में 2, दादर में 1, वसई रोड में 6, पनवेल में 5, कलंबोली में 5, कल्याण में 6 और परेल में 6 अतिरिक्त प्लेटफॉर्म का निर्माण।
सीएम फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुंबई में रेल सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई है।
मुंबई की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में पिछले कुछ वर्षों में कई सुधार हुए हैं। मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, कोस्टल ब्रिज, अटल सेतु और अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स के कारण शहर में ट्रैफिक में काफी राहत मिली है। अब 238 नई स्वचालित दरवाजा बंद ट्रेनें आने के बाद मुंबईकरों को लोकल यात्रा में और अधिक सुविधा और सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
मुंबईकरों के लिए यह कदम एक बड़ा तोहफा है, जो शहर की परिवहन प्रणाली को और आधुनिक और सुरक्षित बनाएगा।