Monday, December 1

डील डन! इस मुस्लिम देश के डिफेंस गैराज में तड़केगा भारत का ब्रह्मोस, राजनाथ सिंह की तस्वीर भी बनी चर्चा

नई दिल्ली: भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग को लेकर नई दिल्ली में अहम बैठक हुई, जिसमें ब्राह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की डील अंतिम चरण में पहुंचने की जानकारी सामने आई। दुनिया की सबसे सफल मिसाइलों में शुमार ब्रह्मोस की खरीद में इंडोनेशिया ने गहरी दिलचस्पी दिखाई।

गुरुवार को नई दिल्ली में भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और इंडोनेशिया के रक्षामंत्री स्याफरी स्यामसुद्दीन के बीच तीसरे दौर की द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक के दौरान इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने ब्रह्मोस मिसाइल और उसकी क्षमताओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। भारत ने इस दौरान राजनाथ सिंह की ओर से इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल का मॉडल भी भेंट किया।

साझा रक्षा उद्योग समिति पर बनी सहमति
दोनों देशों ने डिफेंस इंडस्ट्री ज्वाइंट कॉर्पोरेशन कमिटी बनाने पर सहमति जताई। इस समिति के माध्यम से रक्षा क्षेत्र की तकनीक हस्तांतरण, संयुक्त अनुसंधान और विकास, तथा आपूर्ति श्रृंखला सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

बैठक में समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और संयुक्त परिचालन क्षमता को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। हिंद महासागर क्षेत्रीय संगठन सहित बहुपक्षीय ढांचे में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी
इंडोनेशिया ने क्षेत्रीय शांति बनाए रखने में भारत को महत्वपूर्ण साझेदार बताया। दोनों देशों ने 2025 गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की भारत यात्रा और द्विपक्षीय चर्चाओं को भी याद किया।

सैन्य साझेदारी के तहत दोनों देशों ने सुपर गरुड़ शील्ड, गरुड़ शक्ति, समुद्र शक्ति, मिलन और आगामी एयर मैन्युवर जैसे संयुक्त अभ्यासों की प्रगति की सराहना की। इसके अलावा प्रशिक्षण कार्यक्रम, सैन्य शिक्षा संस्थानों में अधिकारी आदान-प्रदान और पनडुब्बी तकनीक, रक्षा चिकित्सा और फार्मा सहयोग जैसे क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई।

इस बैठक ने दोनों देशों के व्यापक रणनीतिक और रक्षा सहयोग को नई गति देने का संदेश दिया। अब जल्द ही भारत की ब्रह्मोस मिसाइल इंडोनेशियाई डिफेंस गैराज में तड़कते हुए दिखाई दे सकती है।

Leave a Reply