Monday, December 1

धोनी बने विराट कोहली के ड्राइवर: डिनर के बाद खुद कार चलाकर टीम होटल तक छोड़ा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

रांची। भारतीय क्रिकेट के दो महान खिलाड़ियों—महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली—का भावनात्मक मिलन एक बार फिर चर्चा में है। रांची में टीम इंडिया के पहुंचने के बाद विराट कोहली ने गुरुवार शाम धोनी के घर डिनर किया और डिनर के बाद धोनी ने खुद कार चलाकर विराट को टीम होटल छोड़ा। इस अनोखे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

धोनी के घर पहुंचे विराट और पंत

टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर को होने वाले वनडे मैच के लिए रांची में है। शहर में ही निवास करने वाले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम के कुछ खिलाड़ियों को डिनर के लिए आमंत्रित किया, जिसमें विराट कोहली और ऋषभ पंत शामिल थे। क्रिकेट फैंस इस मुलाकात को ‘रीयूनियन ऑफ द ईयर’ बता रहे हैं।

कार चलाकर विराट को होटल छोड़ने निकले धोनी

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि धोनी खुद स्टीयरिंग पकड़कर कार चला रहे हैं और फ्रंट सीट पर विराट कोहली बैठे हैं। यह दृश्य दोनों खिलाड़ियों की दोस्ती और आपसी सम्मान को दर्शाता है। फैंस सोशल मीडिया पर लगातार यह लिख रहे हैं कि भारतीय क्रिकेट में धोनी और विराट की जोड़ी हमेशा खास रही है।

विराट कोहली ने धोनी की कप्तानी में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था और बाद में धोनी के बाद तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान भी संभाली।

लंदन से लौटकर सीधे मैदान पर उतरने की तैयारी

विराट कोहली बुधवार को ही लंदन से भारत लौटे हैं। वह लंबे समय बाद रांची में खेलने जा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछली बार यहां जब भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेला था, तब बेटे के जन्म के चलते विराट टीम का हिस्सा नहीं थे।

राहुल के हाथ में वनडे टीम की कमान

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी केएल राहुल कर रहे हैं। नियमित कप्तान शुभमन गिल गर्दन की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि उपकप्तान श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया में चोटिल हो गए थे। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। दोनों अनुभवी बल्लेबाज टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ माने जाते हैं।

Leave a Reply