
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पर्यटन, हरियाली और जैव-विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम एक अनोखी पहल कर रहा है। रायबरेली रोड स्थित किसान पथ के पास कल्ली पश्चिम में विकसित हो रहे 15 एकड़ के मैंगो थीम पार्क का मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निरीक्षण किया।
इस पार्क में देश की 108 प्रजातियों के 2,068 आम के पौधे लगाए जा रहे हैं। इनमें अम्रपाली, दशहरी, अंबिका, चौसा सहित कई प्रसिद्ध किस्में शामिल हैं। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य आकर्षण: मैंगो म्यूज़ियम और हाट
पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण बनेगा मैंगो म्यूज़ियम, जिसे 400 वर्गमीटर में विकसित किया जा रहा है। इसमें देशभर में पाई जाने वाली 775 आम की प्रजातियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी। यह म्यूज़ियम आमों के इतिहास, वैज्ञानिक गुण, भौगोलिक विविधता और विशेषताओं की विस्तृत जानकारी देगा।
पार्क में मैंगो हाट भी बनाया जा रहा है, जहां आम और उनसे बने उत्पाद प्रदर्शित और बेचे जाएंगे। इससे स्थानीय किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। पार्क में मैंगो कियोस्क भी लगाए जाएंगे, जहां आम आधारित उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे।
हरियाली और मनोरंजन का संगम
पार्क में 1,930 वर्गमीटर में तालाब, वाटर लिली और कमल के पौधों के साथ विकसित किया जाएगा। इसके अलावा चार मैंगो म्यूरल, एक ट्री म्यूरल और थीम आधारित लैंडस्केपिंग की जा रही है। पगडंडियों और मार्गों के नाम अलग-अलग आम की प्रजातियों पर रखे जाएंगे। शाम में आम के आकार की रोशनी पार्क को और जीवंत बनाएगी।
जैव-विविधता और मिनी-फॉरेस्ट
मैंगो पार्क को जैव-विविधता पार्क का रूप देने के लिए कुल 18,828 पौधे लगाए जा रहे हैं। बाउंड्रीवॉल के आसपास बरगद, पीपल, अमलतास और गुलमोहर जैसी छायादार वृक्ष-पंक्तियाँ होंगी। मियावाकी पद्धति से 20 प्रजातियों के 1,260 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें आम, अमरूद, आंवला, अशोक, जामुन, नींबू, करौंदा, शीशम आदि शामिल हैं। इसे एक घना मिनी-फॉरेस्ट के रूप में विकसित किया जाएगा।
परिवार और बच्चों के लिए मनोरंजन सुविधाएँ
पार्क में 17 आधुनिक झूले लगाए जा रहे हैं और पर्यटकों व परिवारों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच की व्यवस्था होगी। यह पार्क न केवल पर्यावरण संरक्षण और जैव-विविधता को बढ़ावा देगा, बल्कि ज्ञान और मनोरंजन का केंद्र भी बनेगा।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि लखनऊ का यह मैंगो थीम पार्क आने वाले समय में शहर के पर्यटन और हरित क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पार्क लखनऊ के पर्यटन प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक बड़ा आकर्षण साबित होगा।