

पुणे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में आयोजित महाराष्ट्र एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग एंड फ्रंटियर टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट (FTI) की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में क्वांटम कंप्यूटिंग, डीप टेक और फ्रंटियर टेक्नोलॉजी के लिए सक्षम एवं विश्वस्तरीय इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में महाराष्ट्र को अग्रणी बनाने के लिए सरकार अनुसंधान, नवाचार, उद्योग, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य की तकनीकों में निवेश से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि क्वांटम कंप्यूटिंग और डीप टेक जैसे क्षेत्रों में वैश्विक प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में महाराष्ट्र का लक्ष्य इन क्षेत्रों में अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास का प्रमुख केंद्र बनना है।
बैठक में विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने फ्रंटियर टेक्नोलॉजी के विकास, अनुसंधान सहयोग, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन तथा तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर इन पहलों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।


