Saturday, July 18

This slideshow requires JavaScript.

जगदीशपुर में आज होगी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक, तैयारियां अंतिम चरण में

संभाग आयुक्त और आईजी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जबलपुर, 18 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में रविवार, 19 जुलाई को भोपाल जिले के ऐतिहासिक ग्राम जगदीशपुर में आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बैठक को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए शनिवार को भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा एवं आईजी (देहात रेंज) रुचि वर्धन ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

This slideshow requires JavaScript.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैठक स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन तथा ई-कैबिनेट के लिए आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। संभाग आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक के महत्व को देखते हुए प्रत्येक व्यवस्था पूरी तरह त्रुटिरहित, सुरक्षित एवं समयबद्ध होनी चाहिए।

इस अवसर पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, डीआईजी राजेश सिंह चंदेल, एसपी (देहात) पंकज पाण्डे सहित जिला एवं संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री आज 10.54 लाख किसानों को देंगे बड़ी सौगात, खातों में पहुंचेंगे ₹1,460.25 करोड़

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जगदीशपुर से होगा राशि हस्तांतरण

जबलपुर, 18 जुलाई 2026।
प्रदेश के किसानों के लिए रविवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 10.54 लाख किसानों के बैंक खातों में ₹1,460.25 करोड़ की बीमा दावा राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से अंतरित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजना की शुरुआत से लेकर वर्ष 2024-25 तक प्रदेश के प्रभावित किसानों को ₹30,942.34 करोड़ की बीमा राशि का भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि संभावित अल-नीनो प्रभाव और कमजोर मानसून की आशंका को देखते हुए वे अपनी अधिसूचित फसलों का समय रहते बीमा अवश्य कराएं, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि मध्यप्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।


खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कृषि केंद्रों पर एफआईआर दर्ज

अधिक कीमत पर खाद बेचने और अवैध व्यापार के आरोप में कार्रवाई, जांच शुरू

जबलपुर, 18 जुलाई 2026।
जिले में खाद की कालाबाजारी और किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने वालों के खिलाफ कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर की गई छापामार कार्रवाई में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद दो कृषि केंद्र संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

उप संचालक कृषि उमेश कटहरे ने बताया कि मझगवां-सिहोरा स्थित ‘न्यू गोस्वामी कृषि केंद्र’ के निरीक्षण में संचालक द्वारा बिना अधिकृत स्रोत से उर्वरक खरीदकर बिक्री करने तथा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने के प्रमाण मिले।

वहीं बरगी क्षेत्र के कालादेही स्थित ‘जानकी कृषि केंद्र’ में किसानों से सरकारी दर से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत सही पाई गई। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं मिली।

जांच में किसानों ने बताया कि उनसे डीएपी खाद के प्रति बैग ₹1,600 तक वसूले गए, जबकि निर्धारित सरकारी मूल्य इससे काफी कम था। कई किसानों ने ऑनलाइन भुगतान के प्रमाण भी अधिकारियों को उपलब्ध कराए।

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत क्रमशः बरगी और मझगवां थानों में एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।

उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया कि किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि खाद या अन्य कृषि सामग्री खरीदते समय बिल अवश्य लें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें।

Leave a Reply