Monday, June 15

This slideshow requires JavaScript.

निपनिया क्षेत्र में ‘नेक’ के नाम पर कथित जबरन वसूली के खिलाफ रहवासियों की पहल;

टास्क फोर्स ने तय की मानक राशि

This slideshow requires JavaScript.

 

मांगलिक अवसरों पर निर्धारित सीमा से अधिक राशि मांगने और दुर्व्यवहार की स्थिति में पुलिस  टास्क फोर्स से संपर्क करने की अपील

इंदौर। निपनिया क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में मांगलिक अवसरों पर किन्नर समुदाय के कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अत्यधिक ‘नेक’ की मांग और परिवारों के साथ किए जाने वाले अनुचित व्यवहार की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए तुलसी नगर स्थित मां सरस्वती मंदिर परिसर में नवगठित वार्ड 36-37 टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में क्षेत्र के रहवासियों ने चर्चा के दौरान बताया कि कई अवसरों पर कुछ लोगों द्वारा नेक के नाम पर परिवारों पर अत्यधिक राशि देने का दबाव बनाया जाता है तथा 51 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की मांग की जाती है। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से कुछ मानक राशि निर्धारित करने का निर्णय लिया।
निर्णय के अनुसार क्षेत्र के रहवासी विभिन्न त्योहारों एवं सामान्य अवसरों पर घर आने वाले किन्नर समुदाय के लोगों को 100 से 201 रुपये तक नेक के रूप में प्रदान करेंगे। वहीं नए भवन के गृहप्रवेश अथवा मुहूर्त जैसे अवसरों पर 1100 से 2100 रुपये तथा परिवार में नवजात शिशु के आगमन पर 1100 रुपये तक नेक देने का सामूहिक निर्णय लिया गया। इससे अधिक राशि देने अथवा न देने का निर्णय संबंधित परिवार अपनी स्वेच्छा एवं सामर्थ्य के अनुसार ले सकेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि निर्धारित राशि के बावजूद किसी परिवार पर दबाव बनाया जाता है, अभद्र व्यवहार किया जाता है अथवा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित परिवार तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर वार्ड 36-37 टास्क फोर्स के सदस्यों से भी संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में राजेश तोमर, संदीप जोशी, कृष्ण कुमार वर्मा, रुपेश शर्मा, संजय यादव, नारायण प्रसाद पगारे, रुपेश मालवीय, लकी रघुवंशी,  शिव बहादुर सिंह, अमित त्रिवेदी, राकेश जायसवाल, गौरव डाबर, सचिन जैन, दुष्यंत शर्मा, विवेक शर्मा, अमोल पाटिल, महीप धींग,   सहित क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply