Monday, June 15

This slideshow requires JavaScript.

आदर्श भिलाला समाज का आठवां प्रतिभा सम्मान एवं करियर मार्गदर्शन समारोह संपन्न

125 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, विशेषज्ञों ने दिया करियर मार्गदर्शन

उज्जैन/आगर मालवा। आदर्श भिलाला समाज द्वारा आयोजित आठवां प्रतिभा सम्मान एवं करियर मार्गदर्शन समारोह आगर मालवा स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण के सेमिनार हॉल (नरवल रोड) में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 125 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

This slideshow requires JavaScript.

कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रशासनिक अधिकारी वायनाड (केरल) आनंद दलोदिया ने बताया कि शिक्षा समाज की प्रगति का मूल आधार है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को सही दिशा प्रदान करने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

समारोह की अध्यक्षता श्री राधेश्याम भिलाला सिया (संरक्षक, धर्मशाला उज्जैन) ने की। इस अवसर पर श्री हरिसिंह जी बाबूजी, श्री मनोहर सिंह भिलाला (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष), श्री मांगीलाल भिलाला (पूर्व अध्यक्ष, धर्मशाला समिति), श्री दशरथ सिंह पटवारी (अध्यक्ष, धर्मशाला समिति), श्री मोतीलाल कटारा (राजस्व निरीक्षक) सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के आयोजन में आगर मालवा टीम का नेतृत्व श्री इंदरसिंह खाटकिया (अध्यापक), श्री अनिल चौहान (मंडी निरीक्षक), श्री राहुल भिलाला (कवि), श्री सोनार सिंह भिलाला (अध्यापक) तथा श्री कालूराम डगवाल (अध्यापक) ने किया। स्थानीय समाजजनों के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया गया।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले सात वर्षों से भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष उज्जैन, आगर मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, गुना एवं इंदौर सहित विभिन्न जिलों और तहसीलों के कुल 125 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। साथ ही युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह के दौरान रक्तदान जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें समाज के युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

कार्यक्रम के समापन पर समाजजनों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन गुलाब सिंह भिलाला (इंदौर) एवं राहुल भिलाला (कवि, आगर मालवा) ने किया, जबकि रामचरण भिलाला, कुशलपुरा (नलखेड़ा) ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply