
प्रशासन की तत्परता से समाधान की ओर बढ़ा निलेश पांचाल का मामला

इंदौर, 12 मई 2026।
इंदौर जिले के ग्राम अंबाचंदन निवासी श्री निलेश पांचाल की भूमि सीमांकन संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता का परिचय दिया है। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखने पहुंचे श्री पांचाल को प्रशासन द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

श्री निलेश पांचाल ने बताया कि उन्होंने मार्च माह में अपनी भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन राजस्व नक्शे में तकनीकी त्रुटि होने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने संबंधित एसडीएम एवं तहसील प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम सिमरोल द्वारा जानकारी दी गई कि संबंधित खसरा क्रमांक 754 में कुल 7 बटांकन दर्ज हैं, जबकि वर्तमान नक्शे में केवल 6 बटांकन ही प्रदर्शित हो रहे हैं। श्री पांचाल की भूमि खसरा क्रमांक 754/4 में दर्ज है, लेकिन नक्शे में उसका उल्लेख नहीं होने से सीमांकन की प्रक्रिया बाधित हो रही थी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूर्व में भी आवेदक को रिकॉर्ड सुधार (इंद्राज दुरुस्ती) हेतु प्रकरण दर्ज कराने के लिए अवगत कराया गया था। अब जनसुनवाई के दौरान उन्हें पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई है तथा रिकॉर्ड सुधार की कार्रवाई पूर्ण होते ही सीमांकन कार्य शीघ्र संपन्न किए जाने की बात कही गई है।
श्री निलेश पांचाल ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पहले नक्शे की तकनीकी त्रुटि की जानकारी नहीं थी, लेकिन अब प्रशासन द्वारा पूरे मामले को स्पष्ट रूप से समझाया गया है। उन्होंने कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, एसडीएम एवं तहसील प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन लगातार उनके प्रकरण के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके मामले को लेकर कुछ माध्यमों में भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान की दिशा में कार्यरत है। श्री पांचाल ने प्रशासन की कार्रवाई पर पूर्ण संतोष जताया।


