Wednesday, February 25

₹1 करोड़ की नौकरी ठुकराकर बनाई ₹4,000 करोड़ की साम्राज्य

नई दिल्ली: विनीता सिंह, जिनका नाम आज भारतीय स्टार्टअप जगत में सफलता का पर्याय बन गया है, कम उम्र में ही करोड़ों की नौकरी छोड़कर अपने सपनों का पीछा करने उतरीं। आज वह प्रीमियम ब्यूटी ब्रांड शुगर कॉस्मेटिक्स (Sugar Cosmetics) की सीईओ और को-फाउंडर हैं, जिसकी वैल्यूएशन 4,000 करोड़ रुपये है।

This slideshow requires JavaScript.

विनीता का जन्म 1983 में गुजरात के आनंद जिले में हुआ। उनकी मां पीएचडी थीं और पिता एम्स में बायोफिज़िसिस्ट। बचपन से ही पढ़ाई में तेज़, उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम से शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद आईआईटी मद्रास से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए किया।

सिर्फ 23 साल की उम्र में उन्हें एक इनवेस्टमेंट बैंक में 1 करोड़ रुपये की नौकरी का ऑफर मिला। लेकिन विनीता ने यह नौकरी ठुकराई और मुंबई आकर अपना व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया।

शुरुआत आसान नहीं थी। पहले उन्होंने बैकग्राउंड वेरिफिकेशन कंपनी Quetzal की स्थापना की, लेकिन यह सफल नहीं हुई। 2012 में उन्होंने Fab Bag, एक ब्यूटी सब्सक्रिप्शन प्लेटफॉर्म शुरू किया। इसी अनुभव ने उन्हें भारत के ब्यूटी मार्केट की गहराई समझाई।

आख़िरकार 2015 में उन्होंने अपने पति कौशिक मुखर्जी के साथ शुगर कॉस्मेटिक्स की स्थापना की। कंपनी ने डिजिटल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म जैसे YouTube, Instagram, और अपने ऐप का इस्तेमाल करते हुए ग्राहकों तक पहुंच बनाई। शुरुआत में ऑनलाइन बिक्री के बाद, कंपनी ने रिटेल मार्केट में कदम रखा।

आज शुगर कॉस्मेटिक्स देश के 130 से अधिक शहरों में 2,500 से ज्यादा आउटलेट्स के साथ उपलब्ध है। इसके साथ ही कंपनी रूस, नेपाल और यूएई को भी एक्सपोर्ट करती है। विनीता की मेहनत और दूरदर्शिता का नतीजा है कि उनकी व्यक्तिगत नेटवर्थ अब 300 करोड़ रुपये तक पहुँच चुकी है।

विनीता सिंह की कहानी यह साबित करती है कि सही दृष्टिकोण, धैर्य और आत्मविश्वास से असफलताओं को भी सफलता में बदला जा सकता है।

Leave a Reply