
नई दिल्ली, 24 फरवरी 2026: बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने हाल ही में अपना प्रीमियम जूलरी ब्रांड ‘तमन्ना फाइन जूलरी’ लॉन्च किया है और इस पर कारोबार की दुनिया से मिली सराहना चर्चा में है। ‘शुगर’ कॉस्मेटिक्स की सीईओ और को-फाउंडर विनीता सिंह ने कहा कि अगर तमन्ना शार्क टैंक इंडिया में होतीं, तो वह अपने पूरे निवेश इस ब्रांड में लगातीं।
तमन्ना ने हाल ही में बातचीत में बताया कि वे अपने ब्रांड को केवल सेलिब्रिटी नाम पर नहीं, बल्कि एक फाउंडर के तौर पर खड़ा कर रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं खुद को सिर्फ एक सेलिब्रिटी नहीं मानती। मैं चाहती हूं कि मेरा ब्रांड प्रॉडक्ट के प्रति ईमानदार रहे। अगर मकसद सिर्फ पैसा कमाना होता तो मैं किसी और कैटेगरी में काम कर सकती थी। लेकिन मैंने गहराई से जुड़े रहने और हर पहलू का ध्यान रखने का निर्णय लिया है।”
तमन्ना ने यह भी बताया कि वे अपने ब्रांड के हर पहलू—नाम, पैसा, आइडिया और एग्जिक्यूशन—में पूरी तरह जुटी हुई हैं। उनका मानना है कि अक्सर अच्छे विचारों के बावजूद एग्जिक्यूशन की कमी से कई ब्रांड असफल हो जाते हैं।
विनीता सिंह ने तमन्ना के दृष्टिकोण को सराहा और कहा, “ज्यादातर प्रोडक्ट मार्केट में फेल हो जाते हैं क्योंकि उनकी मांग नहीं होती। आपने छोटे स्तर पर शुरुआत की और पूरी तरह कंट्रोल कर रही हैं। यही बात आपके ब्रांड को खास बनाती है। अगर आप शार्क टैंक इंडिया में होतीं, तो मैं पूरे सीजन का निवेश आपके ब्रांड में कर देती।”
बॉलीवुड में कई स्टार्स अब अपने ब्रांड्स के जरिए बिजनेस की दुनिया में कदम रख चुके हैं। दीपिका पादुकोण ने स्किनकेयर ब्रांड 82°E, कटरीना कैफ ने मेकअप ब्रांड Kay Beauty, कृति सेनन ने Hyphen और मीरा राजपूत ने Akind और लग्जरी वेलनेस सेंटर Dhun Wellness लॉन्च किया है। तमन्ना का यह ब्रांड इस लिस्ट में नया उत्साह और विश्वास जोड़ रहा है।
