
नोएडा/गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के पहले दिन 6,650 करोड़ रुपये के तीन महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों के तहत नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एयरपोर्ट क्षेत्र में करीब 6,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। वहीं, मणिपाल हॉस्पिटल्स गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश कर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करेगा।
एयरपोर्ट के पास इंटरनेशनल थीम टाउनशिप
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ भूमि पर 3,500 करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल थीम पर आधारित इंटीग्रेटेड टाउनशिप विकसित की जाएगी। परियोजना का शुभारंभ 2027 में प्रस्तावित है। सरकार के अनुसार, इस टाउनशिप से 12,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा और तेजी से विकसित हो रहे एयरपोर्ट क्षेत्र को नई शहरी पहचान मिलेगी।
2,500 करोड़ रुपये से बनेंगे हाइपरस्केल डेटा सेंटर
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 10 एकड़ भूमि पर 40 मेगावॉट क्षमता वाले हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 1,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। राज्य सरकार इसे डेटा सेंटर नीति और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मान रही है।
गाजियाबाद में 500 करोड़ का हेल्थकेयर निवेश
टेमासेक होल्डिंग्स के पोर्टफोलियो कंपनी मणिपाल हॉस्पिटल्स गाजियाबाद में करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
सार्वजनिक परिवहन में सुधार
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शासन ने 100 रोडवेज बसें चलाने का निर्णय लिया है। प्रारंभिक तौर पर 50 बसें लीज पर चलेंगी, और 8–10 महीनों में पूरी योजना लागू होगी।
मेट्रो और एयरपोर्ट प्रगति
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो विस्तार के लिए संशोधित डीपीआर केंद्र को भेज दी गई है। सेक्टर-51 से सेक्टर-4 तक 7.5 किमी लंबी मेट्रो लाइन में चार नए स्टेशन प्रस्तावित हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन मार्च में होने की संभावना है, जिसमें प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया गया है।
इस सिंगापुर दौरे के परिणामस्वरूप यूपी के एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार सृजन की राह खुल गई है।
