
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और साउथ अफ्रीका के सुपर-8 मुकाबले के बाद भारतीय क्रिकेट पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बीच भारतीय टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज तिलक वर्मा को लेकर भी कड़ी आलोचना सामने आई है।
चोट और फॉर्म का असर
वर्ल्ड कप से पहले तिलक वर्मा चोटिल हो गए थे और उनकी सर्जरी भी हुई थी। एशिया कप में भारत के लिए अहम भूमिका निभाने वाले तिलक वर्मा अब वर्ल्ड कप में कमजोर नजर आ रहे हैं। उन्होंने 5 मैचों में केवल 107 रन बनाए हैं, स्ट्राइक रेट 118.88 का। अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब तिलक ने खराब शॉट खेलकर आउट होकर टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं।
श्रीकांत ने तिलक वर्मा को जमकर सुनाया
भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,
“अगर संजू सैमसन प्लेइंग 11 में आते हैं, तो तिलक वर्मा की फिर कोई जगह नहीं बनती। कुछ लोग तिलक की जगह पर सवाल उठा रहे हैं। काफी संभावना है कि तिलक को आज खेले गए उनके शॉट के बाद प्लेइंग 11 से ड्रॉप कर दिया जाए। काफी वाहियात शॉट था। वैसा शॉट खेलने के बाद वह क्रीज में रहना डिजर्व नहीं करते थे।”
श्रीकांत ने 1981 से 1992 तक भारत के लिए 43 टेस्ट और 146 वनडे खेले। टेस्ट में उनके 2062 और वनडे में 4091 रन हैं।
साउथ अफ्रीका ने भारत को दी करारी हार
सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों के बड़े अंतर से हराया। पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने 188 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया केवल 111 रन पर ऑल आउट हो गई। इस हार और वेस्टइंडीज की जिम्बाब्वे पर जीत के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है।
