Saturday, May 16

This slideshow requires JavaScript.

गमलों में पौधे लगाने के लिए तैयार करें मिट्टी, माली ने बताया सही पॉटिंग सॉइल मिक्स

नई दिल्ली: पौधों की सेहत और तेजी से बढ़वार इस बात पर निर्भर करती है कि उन्हें किस तरह की मिट्टी में लगाया गया है। सोशल मीडिया पर अल्फा वाटिका नाम से मशहूर गार्डनिंग एक्सपर्ट विदुषी मलिक ने घर पर पॉटिंग सॉइल मिक्स तैयार करने का आसान और असरदार तरीका बताया है, जिससे आपके गमले हमेशा हरे-भरे और फूलों से लदे रहेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

विदुषी मलिक के अनुसार, पौधों को सीधे मिट्टी और खाद में लगाने से जड़ें सड़ सकती हैं और पानी भी जमा हो सकता है। सही मिश्रण में साधारण मिट्टी, वर्मीकंपोस्ट, कोकोपीट और रेत का संतुलित अनुपात होना चाहिए।

पॉटिंग सॉइल मिक्स बनाने का तरीका

1. बेस के लिए साधारण मिट्टी:

  • 10 गमलों के लिए 4 गमले बगीचे की साधारण मिट्टी लें।

  • अगर मिट्टी बहुत सख्त या चिकनी है, तो इसे धूप में सुखाकर गुठलियाँ तोड़ लें।

  • यह मिट्टी पौधों की जड़ों को मजबूती से पकड़ती है।

2. पोषण के लिए खाद:

  • 3 गमले वर्मीकंपोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएँ।

  • ध्यान दें कि गोबर की खाद कम से कम एक साल पुरानी हो।

  • इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और पौधे जल्दी बढ़ते हैं।

3. नमी बनाए रखने के लिए कोकोपीट:

  • 2 गमले कोकोपीट मिलाएँ।

  • कोकोपीट नारियल के छिलकों से बनी होती है और पानी को सोखकर मिट्टी में नमी बनाए रखती है।

4. ड्रेनेज के लिए रेत:

  • 1 गमला रेत मिलाएँ।

  • रेत मिट्टी को भुरभुरी बनाता है, जिससे जड़ें आसानी से फैलती हैं और पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है।

5. नीम खली और फंगीसाइड:

  • थोड़ी नीम खली और फंगीसाइड पाउडर डालें।

  • नीम खली मिट्टी को पोषक बनाने के साथ हानिकारक बैक्टीरिया हटाती है।

  • फंगीसाइड पौधों को फफूंद से बचाता है।

मिश्रण तैयार करने की विधि:

सभी एलिमेंट्स — 4 हिस्सा मिट्टी, 3 हिस्सा खाद, 2 हिस्सा कोकोपीट, 1 हिस्सा रेत — को जमीन पर फैलाकर फावड़े या खुरपी से अच्छी तरह मिक्स करें। मिश्रण एकसमान होना चाहिए ताकि हर भाग में पोषण और नमी बराबर पहुंचे। गमलों में भरने से पहले मिश्रण को एक दिन धूप दिखाने से और बेहतर परिणाम मिलते हैं।

इस आसान विधि से तैयार पॉटिंग सॉइल आपके गमलों के पौधों को तेजी से बढ़ने, फूलने और हरा-भरा रहने में मदद करेगी।

Leave a Reply