
अहमदाबाद: तीन दिन के गुजरात दौरे पर आए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को गांधीनगर स्थित प्रदेश कार्यालय श्री कमलम् में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कड़क अंदाज में नेताओं को कार्यशैली सुधारने और जिम्मेदारी निभाने की नसीहत दी।
नितिन नवीन ने कहा कि जो भी पदाधिकारी किसी जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं, उन्हें अपने पद से दो पायदान नीचे जाकर काम करना चाहिए। तभी अच्छे नतीजे हासिल होंगे। उन्होंने नेताओं को चेताया कि केवल पद पर बैठकर काम करने से पार्टी को लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि लोगों के बीच जाकर, सीधे संपर्क में रहकर ही असर दिखेगा।
शहर और जिला अध्यक्षों को फटकार
सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि की अपने क्षेत्र और समाज पर मजबूत पकड़ होनी चाहिए। उन्होंने सभी शहर और जिला अध्यक्षों से कहा कि अपने कार्यों और छवि को बेहतर रखें और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सीधे जनता से जुड़ें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनावी तैयारी के लिए संगठन को मजबूत करना अब सबसे जरूरी है, क्योंकि गुजरात में अगले दो महीनों में शहर और जिला पंचायत चुनाव होने वाले हैं।
सोशल मीडिया और संगठन को मजबूत करने की सलाह
नितिन नवीन ने नेताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने जिले में सही ढंग से सेट करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि नेता केवल अपने जिले के प्रभारी बनकर न्याय की बात न करें, बल्कि संगठन के सभी स्तरों में प्रभावी भूमिका निभाएं।
बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी एल संतोष भी नितिन नवीन के साथ इस दौरे में शामिल रहे। नितिन नवीन ने 20 फरवरी को गुजरात का दौरा शुरू किया था और 22 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली लौटेंगे।
