
नई दिल्ली: भारत अब ChatGPT का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। हर हफ्ते यहां 100 मिलियन से ज्यादा एक्टिव यूजर्स इस AI चैटबॉट का इस्तेमाल करते हैं। सबसे खास बात यह है कि भारत में ChatGPT का सबसे ज्यादा इस्तेमाल 18 से 24 साल के युवा कर रहे हैं। OpenAI के डेटा के मुताबिक, देश में भेजे गए लगभग 50 प्रतिशत सवाल इसी उम्र के यूजर्स ने किए, जबकि 80 प्रतिशत सवाल 30 साल से कम उम्र के लोगों ने पूछे।
कोडिंग और प्रोफेशनल गाइडेंस में आगे
भारतीय यूजर्स ग्लोबल औसत से तीन गुना ज्यादा कोडिंग से जुड़े सवाल पूछ रहे हैं। 35 प्रतिशत मैसेजों में प्रोफेशनल गाइडेंस की मांग की गई, जो वैश्विक औसत 30 प्रतिशत से अधिक है। इसके अलावा, 20 प्रतिशत सवालों में सामान्य जानकारी, और 20 प्रतिशत में बॉट से लेखन या निर्माण संबंधी मदद मांगी गई।
Codex और एंथ्रोपिक का इस्तेमाल
OpenAI का कोडिंग असिस्टेंट Codex भारत में बेहद लोकप्रिय है। कंपनी के अनुसार, भारतीय यूजर्स इसका इस्तेमाल मीडियन ग्लोबल यूजर की तुलना में तीन गुना ज्यादा करते हैं। हाल ही में Mac ऐप के लॉन्च के बाद, इसके उपयोग में चार गुना वृद्धि हुई है। वहीं, एंथ्रोपिक के आंकड़े बताते हैं कि भारत में सॉफ्टवेयर से जुड़े मामलों के लिए क्लाउड का इस्तेमाल 45.2 प्रतिशत है।
भारत, अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा बाजार
अमेरिका के बाद भारत OpenAI का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। कंपनी भारतीय यूजर्स को आकर्षित करने के लिए 5 डॉलर से कम का सब्सक्रिप्शन टियर भी पेश कर रही है। ChatGPT आज के समय में लोगों के लिए दोस्त, साथी और शिक्षक की तरह हो गया है। पढ़ाई से लेकर रेसिपी जानने तक, और कोडिंग या प्रोफेशनल गाइडेंस तक, युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण डिजिटल साथी बन चुका है।
