Monday, May 25

This slideshow requires JavaScript.

ईरान पर अमेरिका के सबसे बड़े हमले की आशंका, पश्चिम एशिया युद्ध के मुहाने पर

वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में हालात तेजी से विस्फोटक होते जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी सेना इस हफ्ते के अंत तक ईरान पर बड़े पैमाने पर हमला कर सकती है। दावा किया जा रहा है कि अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में नौसेना और वायुसेना की भारी तैनाती कर ली है और ईरान के खिलाफ लंबे सैन्य अभियान की पूरी तैयारी कर ली गई है।

This slideshow requires JavaScript.

खबरों के अनुसार, अमेरिका के युद्धपोत, एयरक्राफ्ट कैरियर, फाइटर जेट और रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट का विशाल बेड़ा ईरान के आसपास तैनात किया गया है। यह सैन्य जमावड़ा संकेत दे रहा है कि अमेरिका किसी बड़े ऑपरेशन की ओर बढ़ रहा है, जो पूरे क्षेत्र में बड़े युद्ध की शुरुआत कर सकता है।

रिपोर्ट: युद्ध की संभावना 90 फीसदी तक

ब्रिटिश अखबार टेलीग्राफ ने अमेरिकी प्रशासन से जुड़े एक सूत्र के हवाले से दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध छिड़ने की संभावना 90 फीसदी तक पहुंच चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक हमला इस सप्ताह के अंत में हो सकता है।

एक पूर्व इजरायली खुफिया प्रमुख ने भी आशंका जताई है कि अगले कुछ दिनों में अमेरिका ईरान पर स्ट्राइक कर सकता है, जिससे पश्चिम एशिया में भीषण संघर्ष शुरू हो सकता है।

‘दरवाजा तोड़ने’ के लिए तैनात F-16 और F-35

बहरीन स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज (IISS) के रिसर्च फेलो साशा ब्रुचमैन ने कहा है कि अमेरिका ने F-16 और F-35 जैसे लड़ाकू विमानों को “मुख्य लक्ष्य तक पहुंचने का रास्ता साफ करने” के लिए तैनात किया है। उन्होंने इसे ‘डोर ब्रेकर’ यानी “दरवाजा तोड़ने” वाला ऑपरेशन बताया।

उनका कहना है कि एक बार शुरुआती हमलों से रास्ता साफ हो जाने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अंतिम आदेश दे सकते हैं।

हजारों ठिकानों पर बमबारी का दावा

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि हमला होता है तो इसमें ईरान के हजारों ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है। इनमें सैन्य ठिकाने ही नहीं, बल्कि राजनीतिक और रणनीतिक लक्ष्य भी शामिल हो सकते हैं।

एक्सियोस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ एक लंबे समय तक चलने वाले सैन्य अभियान की तैयारी कर रहा है।

CNN का दावा: वीकेंड तक हमला संभव

CNN ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि अमेरिकी सेना वीकेंड तक ईरान पर हमले के लिए तैयार है। हालांकि अभी तक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार्रवाई को अंतिम मंजूरी नहीं दी है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप इस फैसले को लेकर लगातार सलाहकारों और सहयोगियों से राय ले रहे हैं और अकेले में हमले के पक्ष-विपक्ष पर विचार कर रहे हैं।

मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य शक्ति का विशाल जमावड़ा

रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी नौसेना का बड़ा हिस्सा उतार दिया है। इसमें शामिल हैं—

  • 2 एयरक्राफ्ट कैरियर

  • सैकड़ों फाइटर जेट

  • 150 से ज्यादा कार्गो फ्लाइट्स

  • F-35, F-22 और F-16 जैसे 50 से अधिक आधुनिक लड़ाकू विमान

  • 33 युद्धपोत, जिनमें डिस्ट्रॉयर और टॉमहॉक मिसाइल वाली सबमरीन भी शामिल

इजरायली सैन्य खुफिया के पूर्व प्रमुख अमोस याडलिन ने इसे संभावित युद्ध की गंभीर चेतावनी बताया है और कहा है कि अमेरिका लंबी लड़ाई की तैयारी में नजर आ रहा है।

आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा सैन्य अभियान बन सकता है हमला

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका ईरान पर हमला करता है तो यह आधुनिक समय का सबसे बड़ा और सबसे शक्तिशाली सैन्य अभियान साबित हो सकता है। इससे न केवल ईरान-अमेरिका संबंधों में भारी तनाव बढ़ेगा, बल्कि पूरे पश्चिम एशिया में युद्ध की आग फैलने का खतरा भी बढ़ जाएगा।

फिलहाल दुनिया की नजर व्हाइट हाउस पर टिकी है, जहां राष्ट्रपति ट्रंप का अंतिम फैसला पश्चिम एशिया की दिशा तय कर सकता है।

Leave a Reply