Wednesday, February 18

झारखंड में डायन के आरोप में मां-बेटे को जिंदा जलाया, पति की हालत नाजुक

चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम): झारखंड के चाईबासा में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात 12 लोगों ने कथित तौर पर डायन होने के संदेह में एक महिला और उसके मासूम बेटे को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया।

This slideshow requires JavaScript.

इस खौफनाक वारदात में महिला और बच्चा मौके पर ही दम तोड़ गए, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

आरोपियों ने खुद थाने में आत्मसमर्पण किया

वारदात की जानकारी पुलिस को बुधवार को तब हुई जब 12 आरोपियों ने खुद कुमारडुंगी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। उनका कहना था कि महिला डायन है। इस खौफनाक कांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

गांव में फैली अफवाहें और दहशत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ दिनों से बीमारी और अन्य घटनाओं को लेकर अफवाहें फैली हुई थीं। इसके लिए महिला और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया जा रहा था। मंगलवार देर रात आरोपियों ने महिला और उसके परिवार को निशाना बनाते हुए घर में घुसकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरकर महिला और बच्चा बाहर नहीं निकल सके।

पुलिस कर रही गहन जांच

पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ स्थिति का जायजा लिया और सभी 12 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में खौफ फैला दिया है और पुलिस अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।

Leave a Reply