
शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के डूंडूखेड़ा गांव में बिजली कनेक्शन कटने को लेकर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान और जूनियर इंजीनियर (JE) सत्यप्रकाश के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में मनीष चौहान JE से कहते हैं, “मतलब मेरे से बहस करोगे, क्या मुझे चैलेंज करोगे आप। लाइनमैन नहीं आएंगे तो इस बिजलीघर को आग लगा दूंगा मैं।” इस पर JE का जवाब था, “लगा दो, आपका ही है।” वीडियो के वायरल होने के बाद यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है।
मनीष चौहान, बीजेपी एमएलसी वीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। छह महीने पहले JE सत्यप्रकाश अपने टीम के साथ गांव में बिजली चोरी और बकाया वसूली के लिए पहुंचे थे और कई कनेक्शन काट दिए थे। इस पर ग्रामीणों की शिकायत के बाद मनीष चौहान ने JE से फोन पर बातचीत की।
फोन पर बातचीत के दौरान मनीष चौहान ने JE को धमकाते हुए कहा, “ये क्या नौटंकी चला रखी है भाई, मतलब मेरे से पेंच लड़ाओगे।” इस पर JE ने जवाब दिया, “हमने कहां नौटकी चला रखी है सर, हम क्या कह रहे हैं सर।”
बताया जा रहा है कि छह महीने पहले JE ने गांव में हुई मारपीट के मामले में पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हो पाई है। इस विवाद पर बीजेपी नेता का पक्ष अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है।
