
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज पटकथा लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान इस समय मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें 17 फरवरी की सुबह इमरजेंसी में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। फिलहाल सलीम खान को आईसीयू (ICU) में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और परिवार के करीबी लोगों का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया। देर रात तक अस्पताल में मिलने वालों का तांता लगा रहा।
देर रात अस्पताल पहुंचे सलमान खान और पूरा परिवार
मंगलवार देर रात सलमान खान एक बार फिर पिता का हाल जानने लीलावती अस्पताल पहुंचे। उनके साथ खान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। अस्पताल के बाहर सलमान के गाड़ियों के काफिले को देखा गया।
इस दौरान सलीम खान की बड़ी बेटी अलवीरा को अस्पताल के बाहर बेहद मायूस हालत में देखा गया। वहीं उनकी छोटी बेटी अर्पिता खान भी पिता से मिलने अस्पताल पहुंचीं।
सलमा और हेलेन भी एक साथ अस्पताल पहुंचीं
सलीम खान की दोनों पत्नियां सलमा खान और हेलेन भी देर रात अस्पताल पहुंचीं। दोनों को एक ही गाड़ी में अस्पताल आते देखा गया। परिवार के चेहरे पर चिंता साफ नजर आ रही थी।
संजय दत्त और जावेद अख्तर ने भी जाना हालचाल
इस मुश्किल समय में सलमान खान के करीबी दोस्त और अभिनेता संजय दत्त भी सलीम खान से मिलने लीलावती अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर भी अस्पताल में नजर आए। दोनों ने सलीम खान की तबीयत का हाल जाना और परिवार को हिम्मत दी।
सिर में क्लॉट की आशंका, सांस लेने में तकलीफ की भी रिपोर्ट
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पत्रकार विक्की लालवानी ने दावा किया है कि सलीम खान के सिर में क्लॉट (clot) हुआ है, जिसके कारण उन्हें चक्कर आने लगे थे। वहीं दूसरी ओर, एक रिपोर्ट में सलमान खान के करीबी दोस्त के हवाले से बताया गया कि सलीम खान को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि, डॉक्टरों ने फिलहाल उनकी हालत को स्थिर बताया है और वे अभी भी ICU में निगरानी में हैं।
बुधवार को जारी होगा हेल्थ बुलेटिन
सलीम खान का इलाज कर रहे डॉक्टर डॉ. जलील पार्कर ने बताया कि 18 फरवरी (बुधवार) को उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाएगा। परिवार की अनुमति के बाद सुबह 11 बजे स्वास्थ्य अपडेट साझा किया जाएगा, साथ ही उनकी बीमारी की गोपनीयता भी बनाए रखी जाएगी।
इन डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
डॉ. जलील पार्कर के अनुसार सलीम खान का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है, जिसमें शामिल हैं—
-
डॉ. जलील पार्कर
-
डॉ. विनय चव्हाण (न्यूरोलॉजिस्ट)
-
डॉ. अजीत मेनन (कार्डियोलॉजिस्ट)
-
डॉ. नितिन डांगे (न्यूरोसर्जन)
-
डॉ. बिनीत अहलूवालिया और उनकी टीम
हाल ही में सोहेल खान की पार्टी में आए थे नजर
सलीम खान आखिरी बार जनवरी 2026 में बेटे सोहेल खान की बर्थडे पार्टी में सार्वजनिक रूप से नजर आए थे। इससे पहले नवंबर 2025 में उन्होंने अपना 90वां जन्मदिन परिवार के साथ मनाया था।
फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से पूरे बॉलीवुड में चिंता का माहौल है। उनके चाहने वाले जल्द से जल्द उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं
