Wednesday, February 18

नामीबिया से पहले पाकिस्तान में हड़कंप, प्लेइंग XI से बाहर हो सकते हैं कई ‘सूरमा’, बाबर आजम करेंगे ओपनिंग!

नई दिल्ली। भारत के खिलाफ करारी हार के बाद पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में राह बेहद मुश्किल हो गई है। अब पाकिस्तान के सामने टूर्नामेंट में बने रहने के लिए 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाला मुकाबला ‘करो या मरो’ की स्थिति में पहुंच चुका है। अगर इस मैच में पाकिस्तान जीत दर्ज करने में नाकाम रहा तो उसका वर्ल्ड कप से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

कोलंबो के एसएससी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने वाले इस अहम मुकाबले से पहले पाकिस्तान टीम का माहौल पूरी तरह बदला नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान प्रबंधन और चयनकर्ताओं ने प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलावों की तैयारी कर ली है।

साहिबजादा, अबरार और फहीम पर गिर सकती है गाज

सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी क्रिकेट शो का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूर्व क्रिकेटर शोएब मलिक एक पाकिस्तानी पत्रकार से टीम कॉम्बिनेशन को लेकर चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पत्रकार दावा करता है कि पाकिस्तान की टीम से साहिबजादा फरहान, अबरार अहमद और फहीम अशरफ को बाहर किया जा सकता है।

इन खिलाड़ियों की जगह टीम में फखर जमां, ख्वाजा नफे और सलमान मिर्जा या नसीम शाह में से किसी एक को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।

बाबर आजम करेंगे ओपनिंग, बड़ा फैसला संभव

रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान टीम एक और बड़ा बदलाव कर सकती है। बताया जा रहा है कि बाबर आजम नामीबिया के खिलाफ साइम अयूब के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं।
अगर यह फैसला लागू होता है तो पाकिस्तान की बैटिंग रणनीति में बड़ा बदलाव माना जाएगा, क्योंकि बाबर आमतौर पर मध्यक्रम या नंबर-3 पर स्थिर भूमिका निभाते रहे हैं।

फखर जमां को लेकर संशय, बासित अली ने उठाए सवाल

हालांकि, शो में मौजूद पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी बासित अली ने फखर जमां के खेलने को लेकर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि मैच से पहले नेट्स में जो खिलाड़ी बल्लेबाजी करता है, आमतौर पर वही अंतिम एकादश में शामिल होता है। बासित अली के अनुसार फखर जमां ने मैच से पहले बल्लेबाजी नहीं की, जिससे यह संकेत मिल सकता है कि उन्हें प्लेइंग XI में जगह नहीं मिलेगी।

बासित अली का मानना है कि साहिबजादा फरहान ही अंतिम एकादश में बने रह सकते हैं और फखर जमां को बाहर बैठना पड़ सकता है।

फखर जमां की खराब फॉर्म भी बनी चिंता

गौरतलब है कि फखर जमां भी हाल के समय में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने 2 मैचों में सिर्फ 20 रन बनाए थे। वहीं श्रीलंका के खिलाफ एक टी20 मुकाबले में वह मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए थे।

ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह फैसला भी मुश्किल हो गया है कि दबाव वाले मैच में अनुभव को मौका दिया जाए या युवा खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरा जाए।

नामीबिया के खिलाफ हार का मतलब लगभग बाहर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहले ही भारत से हार झेल चुकी पाकिस्तान टीम अब नामीबिया के खिलाफ जीत को किसी भी कीमत पर हासिल करना चाहेगी। यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए न सिर्फ अंक तालिका में बने रहने का सवाल है, बल्कि टीम की प्रतिष्ठा और अभियान को बचाने की आखिरी कोशिश भी है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान टीम प्रबंधन किस तरह की प्लेइंग XI के साथ मैदान पर उतरता है और क्या बाबर आजम के ओपनिंग करने का फैसला टीम को संकट से उबार पाएगा या नहीं।

Leave a Reply