Wednesday, February 18

अहमदाबाद में नीदरलैंड्स के खिलाफ बड़ी जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, अभिषेक शर्मा की लय पर टिकी नजरें

एजेंसियां, अहमदाबाद। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय टीम बुधवार को अहमदाबाद में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने अभियान को और मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इस मुकाबले में जहां टीम इंडिया की नजर एक और बड़ी जीत दर्ज करने पर होगी, वहीं सबसे ज्यादा चर्चा स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा को लेकर है, जिनका बल्ला अब तक इस टूर्नामेंट में पूरी तरह शांत रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

अभिषेक शर्मा पिछली दो पारियों में खाता तक नहीं खोल सके हैं और नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाले इस मैच में वह खुद को साबित करने के लिए बड़ी पारी खेलने का प्रयास करेंगे। पिछले 18 महीनों में अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में खुद को एक बेहद खतरनाक बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है, लेकिन घरेलू मैदान पर खेले जा रहे इस आईसीसी टूर्नामेंट में वह अभी तक अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं।

लगातार दो बार खाता नहीं खोल पाए अभिषेक

भारत के पहले मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए थे। इसके बाद पेट में संक्रमण के कारण वह नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल सके। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने वापसी की, लेकिन एक बार फिर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। ऐसे में उनकी फॉर्म टीम प्रबंधन और फैंस दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है।

ईशान किशन की शानदार फॉर्म से राहत

हालांकि, दूसरे छोर पर ईशान किशन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनके दमदार प्रदर्शन के कारण अभिषेक की नाकामी का टीम पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत में किशन और गेंदबाजों की अहम भूमिका रही थी। लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाजों का स्पिन के खिलाफ आत्मविश्वास अब भी पूरी तरह नजर नहीं आया।

स्पिन गेंदबाजों ने किया परेशान

नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने अपनी अनोखी ‘राउंड आर्म’ और ‘बिहाइंड द स्टंप्स’ गेंदबाजी शैली से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उस्मान तारिक की स्पिन ने भी भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। ऐसे में सुपर-8 चरण से पहले टीम इंडिया स्पिन के खिलाफ अपनी कमजोरी दूर करना चाहेगी।

हालांकि, राहत की बात यह है कि नीदरलैंड्स के गेंदबाजी आक्रमण में बहुत अनुभवी या खतरनाक स्पिनर नहीं हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बुमराह को मिल सकता है आराम

गेंदबाजी विभाग में भारत के पास सुपर-8 से पहले कुछ खिलाड़ियों को आराम देने का विकल्प मौजूद है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी इस मैच में विश्राम दिया जा सकता है। कोलंबो में अतिरिक्त स्पिन विकल्प के रूप में कुलदीप यादव को शामिल किए जाने के बाद उम्मीद है कि भारत फिर से दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतर सकता है।

विरोधी टीमों ने अभिषेक के लिए बनाई खास रणनीति

अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और वह जोखिम लेने से पीछे नहीं हटते। लेकिन पिछली छह पारियों में चार बार शून्य पर आउट होना संकेत देता है कि उन्हें पावरप्ले में अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने की जरूरत है।

अभिषेक खुद भी स्वीकार कर चुके हैं कि उनके पास कई अन्य बल्लेबाजों जैसी शॉट्स की व्यापक रेंज नहीं है। वह क्रीज का इस्तेमाल कर और बल्ले की स्विंग पर भरोसा कर बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं। उनकी पसंदीदा दिशा डीप कवर और डीप मिड विकेट मानी जाती है, जहां विरोधी टीमों ने फील्डर लगाकर उनकी कमजोरी पकड़ने की कोशिश की है।

भारत का रिकॉर्ड मजबूत

भारत और नीदरलैंड्स के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक कुल 4 मुकाबले हुए हैं और सभी में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा भारत आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार 16 मैच जीत चुका है। टीम की पिछली हार वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में आई थी।

टेलिकास्ट

यह मुकाबला शाम 7:00 बजे से स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।

Leave a Reply