
नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपने भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले और उनकी तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की। तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा ‘जय हो’, जो दोनों देशों के घनिष्ठ रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।
भारत-फ्रांस स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप पर जोर
मैक्रों ने मुंबई में आयोजित इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम को संबोधित करते हुए कहा कि फ्रांस भारत के लिए कमिटेड और हमेशा रहने वाला पार्टनर है। उन्होंने कहा, “दुनिया अब यह नहीं देख रही कि भारत इनोवेट करता है या नहीं, बल्कि इस बात पर है कि उसके साथ कौन इनोवेट करना चाहता है। फ्रांस इसका साफ जवाब है – हम यहाँ हैं, और हम आपके साथ रहना चाहते हैं। भारत-फ्रांस का रिश्ता अमर रहे।”
पेरिस में मनाया जाएगा इनोवेशन डे
मैक्रों ने बताया कि पीएम मोदी के प्रस्ताव के बाद पेरिस में G7 से एक दिन पहले इनोवेशन डे मनाया जाएगा। यह फ्रेंको-इंडियन इनिशिएटिव के तहत होगा, जिसमें छात्रों और रिसर्चर्स को शामिल किया जाएगा। दोनों नेताओं ने इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन लॉन्च किया और अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने का फैसला किया।
भारतीय नेतृत्व वाली ग्लोबल कंपनियां
मैक्रों ने कहा कि इंडो-फ्रेंच पार्टनरशिप सिर्फ बड़ी टेक्नोलॉजिकल सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य इकॉनमी, रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर, हेल्दी और सुरक्षित बनाना भी है। उन्होंने भारत की तकनीकी प्रगति की तारीफ करते हुए अल्फाबेट इंक., माइक्रोसॉफ्ट, IBM, एडोब और पालो ऑल्टो नेटवर्क्स जैसी कंपनियों में भारतीय CEOs की मौजूदगी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत सिर्फ ग्लोबल इनोवेशन में हिस्सा नहीं लेता बल्कि उसे लीड भी करता है।
