
मुरादाबाद, 17 फरवरी 2026: बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल अपने 10 साल पुराने मामले को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मुरादाबाद कोर्ट ने हाल ही में उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद अमीषा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी चुप्पी तोड़ते हुए पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा है।
अमीषा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि यह मामला बहुत पुराना है और शिकायतकर्ता पवन वर्मा ने खुद सेटलमेंट डीड पर साइन कर पूरी राशि प्राप्त कर ली थी। उन्होंने कहा, “इसके बावजूद लगता है कि उन्होंने झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई शुरू की है। मेरे वकील उनके झूठ को बेनकाब करने के लिए उचित कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। मैं अपने काम पर ध्यान देना चाहती हूं और उन लोगों को नजरअंदाज करना चाहती हूं जो झूठे बहाने से ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करते हैं।”
जानकारी के अनुसार, यह विवाद 2017 में एक शादी समारोह में परफॉर्म करने के कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ा था। पवन वर्मा का आरोप था कि 16 नवंबर, 2017 को अमीषा से शादी में परफॉर्म करने के लिए 14.50 लाख रुपये का एडवांस लिया गया था। साथ ही, मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था भी की गई थी।
शिकायत में यह भी कहा गया कि अमीषा तय तारीख पर शहर नहीं पहुंचीं। बाद में बातचीत के दौरान कुछ पैसे लौटाए गए, लेकिन 4.50 लाख रुपये का चेक कथित तौर पर बाउंस हो गया, जिसके चलते आयोजक को कानूनी सहायता लेनी पड़ी।
अमीषा पटेल के वकील अब इस मामले में शिकायतकर्ता के खिलाफ धोखाधड़ी और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं।
