
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर लगातार जारी है। वसंत कुंज इलाके में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर मिक्सर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक डंपर के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी चालक डंपर को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान राजीव (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महरौली का निवासी बताया जा रहा है।
पीसीआर कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह 11:44 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि चर्च रोड स्थित बंदर फार्म के सामने एक बाइक सवार युवक ट्रक की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने देखा कि बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क पर पड़ी थी और युवक गंभीर रूप से घायल हालत में पास ही पड़ा हुआ था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक राजीव रैपीडो बाइक टैक्सी चलाकर अपना जीवन यापन करता था।
आरोपी चालक की तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ रहे हादसे
दिल्ली में तेज रफ्तार भारी वाहनों की वजह से लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। हाल ही में भलस्वा डेयरी इलाके के गुरज्जर चौक के पास भी ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई थी।
