Sunday, April 5

शादी के 10 दिन बाद ही पत्नी ने पति पर डाला 5 लीटर खौलता तेल

शिवहर। बिहार के शिवहर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बाघा गांव में शादी के महज 10 दिन बाद एक नवविवाहिता ने अपने पति पर करीब 5 लीटर खौलता सरसों का तेल उड़ेल दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित युवक को गंभीर अवस्था में मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SKMCH) के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

This slideshow requires JavaScript.

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक मोहम्मद मुन्ना की शादी 3 फरवरी 2026 को धूमधाम से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद से घर में लगातार तनाव और विवाद का माहौल बन गया था, जिसका अंत इस भयावह घटना के रूप में हुआ।

पति को कमरे में सोने तक नहीं देती थी पत्नी

पीड़ित के परिजनों ने बताया कि विवाह के बाद से ही दुल्हन का व्यवहार असामान्य था। पीड़ित के पिता मोहम्मद ददीज के अनुसार, बहू अपने पति को कमरे में सोने तक नहीं देती थी और चौठारी रस्म के बाद भी उसे कमरे से बाहर कर देती थी।

परिजनों ने कई बार विवाद सुलझाने की कोशिश की। यहां तक कि लड़की के मायके पक्ष को बुलाकर समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन हालात सामान्य नहीं हो सके।

सोते पति पर उड़ेला खौलता तेल

घटना वाले दिन मोहम्मद मुन्ना अपने कमरे में कंबल ओढ़कर सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी रसोई में गई और चूल्हे पर सरसों का तेल गर्म कर उसे पूरी तरह खौलाया। इसके बाद उसने सो रहे पति के शरीर पर बिना किसी डर के खौलता तेल डाल दिया।

तेल गिरते ही युवक दर्द से चीखने लगा। चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि मुन्ना का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था और वह तड़प रहा था।

आरोपी पत्नी मौके से पकड़ी गई, पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी महिला को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और अगले कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है और हमले के पीछे की असली वजहों की गहराई से जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति या किसी अन्य कारण से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

नवविवाहित परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस घटना ने न केवल पीड़ित युवक और उसके परिवार को सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे इलाके में भी सनसनी फैला दी है। शादी के कुछ दिनों बाद ही इस तरह की हिंसक घटना सामने आना समाज के लिए भी एक गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।

Leave a Reply