Tuesday, February 17

बीजेपी नेता विजय सिंह पलाड़ा को रोहित गोदारा गैंग की फिर धमकी

डीडवाना-कुचामन। राजस्थान में गैंगस्टरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हालात यह हैं कि पुलिस सुरक्षा में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को भी खुलेआम मौत की धमकियां दी जा रही हैं। डीडवाना-कुचामन के बीजेपी नेता विजय सिंह पलाड़ा को कुख्यात रोहित गोदारा गैंग ने एक बार फिर जान से मारने की धमकी दी है।

This slideshow requires JavaScript.

धमकी देने वालों में गैंगस्टर वीरेंद्र चारण और राहुल फतेहपुर के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप पर ऑडियो संदेश भेजकर पलाड़ा को सीधे तौर पर मौत का अल्टीमेटम दिया।

ऑडियो में चेतावनी- ‘कहीं भी छिप जा, मार देंगे’

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे विजय सिंह पलाड़ा के मोबाइल पर विदेशी नंबरों से लगातार व्हाट्सएप ऑडियो आने लगे। पहले ऑडियो में गैंगस्टर वीरेंद्र चारण ने धमकी देते हुए कहा—
फोन उठा तो सही… तेरी हालत भी रमेश रुलानिया जैसी होगी। तू कहीं भी घुस जा, दो-चार दिन की देरी हो सकती है, लेकिन तुझे मार देंगे।

गैंगस्टर ने यह भी कहा कि पलाड़ा जो कुछ कर रहे हैं, उसकी “सजा” उन्हें भुगतनी पड़ेगी।

राहुल फतेहपुर का दूसरा वार: ‘ये मरने के लक्षण हैं’

वीरेंद्र चारण के बाद देर शाम राहुल फतेहपुर के नाम से दो और ऑडियो संदेश भेजे गए। इनमें पलाड़ा के जवाब न देने पर नाराजगी जताते हुए कहा गया—
तू मैसेज देख-देखकर भी चुप है, ये पूरे लक्षण तेरे मरने के ही हैं। तैयार हो जा, जल्दी मिलेंगे।

दूसरे ऑडियो में धमकी और ज्यादा खौफनाक थी—
तेरा समय खत्म हो चुका है। अब बस अपने मरने का इंतजार कर। तेरे घर या परिवार में से भी कोई मिल गया, तो याद रखना मेरा नाम राहुल है।

बाजार बंद, व्यापारियों में भारी आक्रोश

गैंगस्टरों की इस खुली धमकी के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। डीडवाना-कुचामन के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को बाजार बंद रखने का ऐलान किया है।

लोगों का कहना है कि जब पुलिस सुरक्षा के बावजूद नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

पुलिस अलर्ट, विदेशी नंबरों की जांच तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडवाना-कुचामन की एसपी ऋचा तोमर ने सुरक्षा व्यवस्था और जांच को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस के अनुसार विजय सिंह पलाड़ा को पहले से ही दो गनर उपलब्ध कराए गए हैं, जो 24 घंटे उनकी सुरक्षा में तैनात हैं।

धमकी भरे ऑडियो विदेशी नंबरों से भेजे गए हैं। साइबर टीम और पुलिस मुख्यालय की विशेष टीम इन नंबरों को ट्रेस करने में जुटी है। पलाड़ा के आवास और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

रोहित गोदारा गैंग का नाम सुनते ही दहशत

रोहित गोदारा गैंग राजस्थान में रंगदारी, धमकी और टारगेट किलिंग के मामलों में लंबे समय से कुख्यात रहा है। रमेश रुलानिया हत्याकांड का जिक्र कर गैंगस्टर यह संदेश देना चाहते हैं कि वे अपने दुश्मनों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ते।

इस ताजा धमकी ने न केवल पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी दहशत फैला दी है।

Leave a Reply