Monday, February 16

इजरायल-भारत में जबर्दस्त गठबंधन, नेतन्याहू ने की भारत की जमकर तारीफ

यरुशलम, 16 फरवरी 2026: भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे से पहले, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत की खुले दिल से तारीफ की और दोनों देशों के बीच “जबर्दस्त गठबंधन” होने की बात कही।

This slideshow requires JavaScript.

नेतन्याहू ने यरुशलम में आयोजित मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशन की कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, “आप जानते हैं कि अगले सप्ताह यहां कौन आ रहा है – नरेंद्र मोदी। इजरायल और भारत के बीच जबर्दस्त गठबंधन है और हम सभी तरह के सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं। भारत कोई छोटा देश नहीं है। वहां 1.5 अरब लोग रहते हैं। इजरायल वहां बहुत पॉपुलर है।”

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उनके तीसरे कार्यकाल का पहला इजरायल दौरा होगा। इससे पहले वह 2017 में इजरायल गए थे, जब दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 25 साल पूरे हुए थे। उस समय दोनों नेताओं ने रक्षा, साइबर सुरक्षा, कृषि और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर चर्चा की थी।

इस बार पीएम मोदी और नेतन्याहू की मुलाकात में द्विपक्षीय सहयोग के साथ ही पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी बातचीत होने की संभावना है। दोनों नेताओं के बीच निजी मित्रता को देखते हुए, यह दौरा रणनीतिक, रक्षा और तकनीकी क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर सकता है।

सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी नई दिल्ली में आयोजित AI समिट के बाद 27-28 फरवरी को इजरायल जा सकते हैं। साल की शुरुआत में दोनों नेताओं के बीच हुई पहली बातचीत में नेतन्याहू ने मोदी को गाजा शांति योजना की प्रगति की जानकारी दी थी, और पीएम मोदी ने न्यायपूर्ण एवं टिकाऊ शांति के लिए भारत के समर्थन की प्रतिबद्धता दोहराई थी।

Leave a Reply