Saturday, February 14

यूपी विधानसभा: राजा भैया ने आयुष्मान योजना में बदलाव की मांग उठाई, चार से अधिक बच्चों वाले परिवारों को भी लाभ मिले

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कुंडा विधायक और जनसत्ता पार्टी लोकतांत्रिक प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने शुक्रवार को आयुष्मान भारत योजना में संशोधन की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने सदन में कहा कि वर्तमान नियमों के कारण चार से अधिक बच्चों वाले परिवार योजना से वंचित रह जाते हैं।

This slideshow requires JavaScript.

राजा भैया ने कहा कि आयुष्मान योजना में परिवार की परिभाषा में बदलाव जरूरी है। वर्तमान नियम के तहत आयुष्मान कार्ड के लिए परिवार में पति-पत्नी और चार बच्चे होने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एक जगह पति-पत्नी की उम्र 60 वर्ष लिखी है, वहीं दूसरी जगह 70 वर्ष। इससे भ्रम और कठिनाई पैदा होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि उम्र सीमा और परिवार की इकाई संबंधी नियम स्पष्ट किए जाएं, ताकि बड़े वर्ग को योजना का लाभ मिल सके।

विधायक निधि और चिकित्सीय सहायता में लचीलापन

राजा भैया ने विधायक निधि से बीमार और गंभीर रूप से जख्मी लोगों को मदद दिलाने में आ रही दिक्कतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट या गंभीर बीमारियों के मामलों में अक्सर मरीज असाध्य रोगियों की श्रेणी में नहीं आते और मदद स्वीकृत नहीं होती। उन्होंने सरकार से इसे लचीला बनाने और राहत सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

सीएम योगी की तारीफ और भरोसा

राजा भैया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था व प्रदर्शन पर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध को समाप्त करने और निजी रंजिश के मामलों में कठोर कार्रवाई से अपराधियों के मन में भय बढ़ा है।

राजा भैया की विधायक निधि से इलाज संबंधी मांग पर मुख्यमंत्री योगी ने तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि राजा भैया के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है और जरूरतमंद लोगों को राहत दिलाने की योजना पर काम जारी है।

फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का उदाहरण

राजा भैया ने सदन में हाल ही में रिलीज हुई फिल्म घूसखोर पंडत का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी सरकार की संवेदनशीलता का उदाहरण इस फिल्म के खिलाफ कार्रवाई में देखा जा सकता है। फिल्म में एक जाति को निशाना बनाया गया था, लेकिन प्रदेश सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए लखनऊ में केस दर्ज कराया।

राजा भैया ने अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और कहा कि इससे आने वाले दिनों में विधायक निधि के जरिए मरीजों का इलाज और सरल और पारदर्शी होगा।

Leave a Reply