
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश में खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी की ऐतिहासिक जीत पर उनके बेटे तारिक रहमान को बधाई दी है। बांग्लादेश में 20 साल बाद बीएनपी की यह बड़ी जीत माने जा रही है, और अब तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने की संभावना बढ़ गई है।
दीदी ने बधाई संदेश में क्या कहा
ममता बनर्जी ने अपने संदेश में लिखा, “बांग्लादेश में मेरे सभी भाइयों और बहनों को मेरी तरफ से दिल से बधाई और शुभकामनाएँ। इस बड़ी जीत के लिए मेरे तारिक-भाई, उनकी पार्टी और सभी सहयोगी पार्टियों को बधाई। दुआ है कि आप सब ठीक और खुश रहें और हमारे देशों के बीच संबंध हमेशा अच्छे बने रहें।”
मुख्यमंत्री ने यह संदेश अंग्रेजी और बांग्ला दोनों भाषाओं में साझा किया। उन्होंने रमजान की भी एडवांस मुबारकबाद दी।
चुनाव में बीएनपी की जीत का आंकड़ा
बीएनपी ने 299 सदस्यों वाले सदन में 200 से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया। बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा 150 सीटें हैं। जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को 70 से अधिक सीटें मिलीं।
बांग्लादेश की राजनीतिक पृष्ठभूमि
तारिक रहमान 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे और दो सीटों से चुनाव लड़े, दोनों ही सीटों पर विजयी रहे। बांग्लादेश में 1988 के बाद प्रधानमंत्री की कुर्सी शेख हसीना और खालिदा जिया के बीच रही। इस बार बीएनपी ने आवामी लीग के गढ़ में जीत दर्ज की, और माना जा रहा है कि हिंदू मतदाताओं ने भी बीएनपी को समर्थन दिया।
भविष्य की राह
तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने की संभावना बढ़ गई है। वहीं, शेख हसीना वर्तमान में भारत में रह रही हैं और बांग्लादेश में राजनीतिक परिदृश्य अब बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है।
