Monday, November 3

‘छत्तीसगढ़ ने विकास की ठोस नींव रखी’ — राज्योत्सव के दूसरे दिन राज्यपाल रमेन डेका ने बताई 25 वर्षों की विकास यात्रा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव के दूसरे दिन शनिवार को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होना गर्व और आत्मचिंतन दोनों का क्षण है। यह रजत जयंती वर्ष न केवल बीते सफर को याद करने का अवसर है, बल्कि भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का भी समय है।

राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2000 में जब छत्तीसगढ़ अस्तित्व में आया था, तब यह उम्मीदों और चुनौतियों से भरा राज्य था। आज, मात्र पच्चीस वर्षों में, इसने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, ऊर्जा, सड़कों और संस्कृति जैसे सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

राज्यपाल ने कहा – “छत्तीसगढ़ एक युवा राज्य है, जिसने कम समय में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश में विशिष्ट पहचान बनाई है।” उन्होंने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सहित सभी महापुरुषों को नमन किया, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व ने राज्य को दिशा दी।

साय सरकार की योजनाओं की सराहना
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान शासन द्वारा संचालित योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि, जनजातीय समाज, महिलाएं और युवा वर्ग सशक्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की एक मजबूत नींव रखी है। यहां की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और मेहनती जनता इस राज्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

नक्सलवाद पर सख्त रुख
नक्सल समस्या पर बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ अब नक्सलमुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “जिन इलाकों में कभी डर और हिंसा का साया था, वहां आज सड़कों का निर्माण हो रहा है, स्कूल खुल रहे हैं और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।”

छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि रजत जयंती वर्ष में हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ सुशासन, विकास और भाईचारे का आदर्श राज्य बने। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने संसाधनों का संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग करें, तो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ निश्चित रूप से देश के अग्रणी राज्यों में अपनी जगह बनाएगा।

Leave a Reply