
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में लग्जरी कार लैंबॉर्गिनी से कई लोगों को कुचलने और गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
यह मामला सामने आने के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया था। शुरुआती दौर में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन घायलों और स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन के बाद शिवम मिश्रा का नाम केस में जोड़ा गया।
8 फरवरी को VIP रोड पर हुआ था हादसा
घटना 8 फरवरी की बताई जा रही है। कानपुर की VIP रोड पर रेव थ्री मॉल के पास तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार ने पहले एक ऑटो में टक्कर मारी। इसके बाद कार ने बुलेट बाइक पर सवार तीन लोगों को चपेट में ले लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक राहगीर भी चोटिल हुआ।
टक्कर के बाद कार एक पोल से जा टकराई और वहीं जाकर रुकी।
ड्राइवर को आगे कर बचने की कोशिश
हादसे के बाद आरोपी पक्ष लगातार यह दावा करता रहा कि कार शिवम मिश्रा नहीं, बल्कि उसका ड्राइवर चला रहा था। यहां तक कि एक दिन पहले ड्राइवर मीडिया के सामने आया और उसने कहा कि गाड़ी उसी के हाथ में थी।
हालांकि पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज ने इस दावे की सच्चाई उजागर कर दी। जांच में सामने आया कि हादसे के वक्त कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
वायरल वीडियो और CCTV में शिवम की मौजूदगी
घटना के बाद वायरल हुए वीडियो में शिवम मिश्रा को ड्राइविंग सीट से बाहर निकालते हुए देखा गया था। पुलिस ने इसे अहम सबूत माना।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के आधार पर यह स्पष्ट हो गया कि वाहन शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
पिता ने किया था दिल्ली में इलाज का दावा
शिवम मिश्रा के पिता और तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा ने दावा किया था कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है और शिवम दिल्ली में इलाज करा रहा है। लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार शिवम कानपुर में ही छिपा हुआ था।
लगातार दबाव और जांच के बाद पुलिस ने हादसे के चार दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जनाक्रोश के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहले आरोपी का नाम एफआईआर में नहीं होने को लेकर लोगों में नाराजगी थी। घायलों और स्थानीय नागरिकों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
